Bareilly : एपीओ परीक्षा...5148 हुए शामिल और छह हजार रहे गैराहाजिर
बरेली, अमृत विचार। जिले में सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल सम्पन्न हो गई। परीक्षा के लिए बनाए गए 24 केंद्रों पर कुल 11,196 अभ्यर्थियों में से 5,148 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। बाकी 6048 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा सुबह साढ़े 9 बजे से साढ़े 11 बजे तक आयोजित की गई। अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 8 बज कर 45 मिनट तक ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
अभ्यर्थियों की कड़ी निगरानी के बाद ही परीक्षा कक्षों में प्रवेश दिया गया। सभी अभ्यर्थियों के लिए बायोमैट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया, जिसके बिना किसी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी, जबकि सीसीटीवी कैमरों और पुलिस बल की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
परीक्षा के लिए बरेली इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, इस्लामियां गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज और पीसी इंटर कॉलेज सहित कुल 24 शिक्षण संस्थानों को केंद्र बनाया गया था।
