Bareilly: कौन बनेगा सपा जिलाध्यक्ष ? हाईकमान ने बरेली के नेता बुलाए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप को हटाए जाने के बाद उनकी जगह किसकी ताजपोशी होगी, इसे लेकर हाईकमान स्तर पर कवायद तेज हो गई है। जिलाध्यक्ष के नाम पर चर्चा को बरेली से सपा के सभी विधानसभा अध्यक्ष बुलाए गए हैं। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी को भी बुलावा आया है। पार्टी में पीडीएम फार्मूले पर फोकस के बीच बरेली में कौन बनेगा जिलाध्यक्ष की कहानी किस ओर जाने वाली है, कई तरह की चर्चाएं चल पड़ी हैं।

विधानसभा और पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच बरेली जिले में सपा की बारात बिन ''दूल्हे'' के नजर आ रही है। शिवचरन कश्यप की जिलाध्यक्षी जाने को काफी समय बीत चुका है, लेकिन पाटी अभी तक नए जिलाध्यक्ष के नाम पर मुहर नहीं लगा सकी है। मसला चाहे चुनावी हो या संगठन का, बरेली के समाजवादी नेताओं की आपसी खींचतान की कहानी किसी से छिपी नही हैं। खासतौर पर यादव बिग्रेड, में, जहां जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदार तो कई हैं मगर परदे के पीछे रस्साकशी भी खूब है।

पार्टी से सूत्र बताते हैं कि गुटबाजी और आपसी तनातनी को खत्म करने के लिए हाईकमान बरेली पर बहुत सोच-विचार कर फैसला लेने के मूड में है। जिलाध्यक्ष कोई भी बने, इसे लेकर आखिरी फैसला सपा प्रमुख अखिलेश यादव ही लेने वाले हैं। शिवचरन कश्यप को हटाए जाने के बाद से ही दावेदार बरेली से लखनऊ तक लगातार दौड़ लगा रहे हैं। 

सपा जिलाध्यक्ष रह चुके पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, शुभलेश यादव के साथ कुछ युवा चेहरों के नाम की चर्चाएं तो हो रही हैं लेकिन पीडीए फार्मूला की वजह से कहा जा रहा है कि नए जिलाध्यक्ष का नाम चोंका देने वाला हो सकता है। बरेली के नेताओं को लखनऊ बुलाकर मंथन-मनन की प्रक्रिया क्या परिणाम सामने लाएगी, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश मिलने के बाद सभी विधानसभा अध्यक्षों को लखनऊ में होनी वाली बैठक के बारे में सूचित कर दिया गया है।

संबंधित समाचार