गौकशों पर एक्शन: कुख्यात गौतस्कर सलीम और शकील मुठभेड़ में घायल...पुलिस के सिपाही को भी लगी गोली
बरेली, अमृत विचार। गौकशों के खिलाफ बरेली पुलिस का आभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। फरीदापुर चौधरी गौकशी कांड के बाद सोमवार को इज्जतनगर पुलिस ने तीन गौकशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था वहीं अब देर रात भोजीपुरा पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में कुख्यात गौतस्कर शकील उर्फ मूंछ और उसके साथी सलीम को पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ।
दरअसल इज्जतनगर थाना के फरीदापुर चौधरी में लगातार दो दिन गोवंश अवशेष मिलने से पुलिस की काफी फजीहत हुई थी। लिहाजा अब पुलिस गौकशों को चुन-चुनकर दबोचने में जुटी है। भोजीपुरा के मझुआ गंगापुर गांव के जंगल में पुलिस की गोकशी के आरोपी बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। पुलिस अफसरान के मुताबिक सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट में वांछित बदमाश शकील उर्फ मूंछ निवासी धौरा टांडा अपने साथियों के साथ ग्राम मझुआ गंगापुर के जंगल में गौकशी की फिराक में है। पुलिस मौके पर पहुंची तो बदमाशों फायरिंग शुरू कर दी। जिसमे एक गोली सिपाही विपिन को बाजू में छूते हुए निकली।
जवाबी फायरिंग में शकील उर्फ मूंछ को दाहिने पैर और उसके साथी सलीम उर्फ कलिया निवासी ग्राम भूड़ा थाना भोजीपुरा के बाएं पैर में गोली लगी। सीओ हाईवे आशुतोष शिवम ने बताया कि घायल सिपाही और दोनों बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि बदमाशों के पास अवैध हथियार और गौकशी के इस्तेमाल में आने वाले उपकरण बरामद किए गए। दोनों ही बदमाशों का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है। सलीम उर्फ कालिया पर 12 और शकील पर 8 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
