जो मुस्लिम हैं वह पहले हिंदू थे, कोई अरब से नहीं आया : राजा भैया के बयान से मचा सियासी घमासान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रतापगढ़ और प्रयागराज सीमा पर स्थित गांव में कथा के दौरान राजा भैया ने दिया बयान

प्रतापगढ़ अमृत विचार। अपनी वाकपटुता और स्पष्ट शैली को लेकर चर्चा में रहने वाले कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया एक बयान फिर सुर्खियों में है। उनके बयान का वीडियो सोशल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो से सियासी घमासान मचा हुआ है। वायरल वीडियो प्रयागराज सीमा पर स्थित एक कथा के दौरान का बताया जा रहा है।

प्रतापगढ़ और प्रयागराज सीमा पर स्थित मादूपुर गांव में देवव्रत महाराज की कथा चल रही थी। कथा में जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह  राजा भैया भी पहुंचे थे। इस दौरान राजा भैया ने मंच से मुस्लिम समाज के लोगों को लेकर एक टिप्पणी की थी। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सनातन धर्म पर तमिलनाडु के एक नेता द्वारा की गई टिप्पणी पर राजा भैया ने कहा था अगर इस्लाम के खिलाफ ऐसी बात कही जाती तो बड़ा विरोध हो जाता।

cats

समाज में एकता पर जोर देते हुए राजा भैया बोले, जाति-पाती छोड़कर हम सब हिंदू-भाई-भाई हैं। राजा भैया ने कहा, जो आज मुस्लिम हैं, वह पहले हिंदू ही थे, कोई अरब से नहीं आया है। जो आस्था विहीन और कायर थे, जो लोभी, लालची थे जो निष्ठाहीन थे, उन लोगों के दबाव में आकर अपना धर्म परिवर्तन कर लिया। जो धार्मिक थे, वीर थे, बलिदानी थे आज हम सभी लोग उनकी सत्ता में हैं।

राजा भैया ने मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर सनातन कमजोर हुआ तो संविधान भी नहीं रहेगा। बहुत लोग नारा लगाते हैं जय संविधान। उन्होंने कहा, संविधान इसलिए है क्यों कि भारत हिंदू बाहुल्य देश है। उन्होंने आगे कहा, जिस दिन भारत हिंदू बाहुल्य नहीं रह जाएगा, उस दिन संविधान को फाड़ के कहां फेंक देंगे।

उन्होंने कहा, भारत को वर्षों से मिटाने की कोशिश हो रही है, लेकिन आज तक उसे कोई मिटा नहीं पाया। भारत को मिटाने के लिए सदियों से प्रयास किए जा रहे हैं। राजा भैया के इस बयान को लेकर सियासी गलियारे में तरह - तरह की चर्चा है।

संबंधित समाचार