शाहजहांपुर: जहरीली शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, चार तस्कर गिरफ्तार
शाहजहांपुर (कलान), अमृत विचार। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो वाहनों में तस्करी करके ले जाई जा रही जहरीली शराब पकड़ी। तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने जहरीली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। फैक्ट्री में अल्कोहल और यूरिया मिलाकर शराब बनाई जाती थी। मौके से बड़ी संख्या में शराब से भरे और खाली …
शाहजहांपुर (कलान), अमृत विचार। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो वाहनों में तस्करी करके ले जाई जा रही जहरीली शराब पकड़ी। तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने जहरीली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। फैक्ट्री में अल्कोहल और यूरिया मिलाकर शराब बनाई जाती थी। मौके से बड़ी संख्या में शराब से भरे और खाली पौव्वे, रैपर, ढक्कन और सील लगाने की मशीन बरामद की है।
पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से असलहे भी बरामद हुए। जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
कलान थानाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार रात वह टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। तभी रोड पर एक टीयूवी गाड़ी और एक पिकअप दिखाई दी। पुलिस को देखकर टीयूवी चालक ने रफ्तार तेज कर दी। पुलिस ने पीछा कर टीयूवी को कब्जे में ले लिया। उसको सुनील नाम का युवक चला रहा था। उसके पीछे आ रही पिकअप को भी पुलिस ने रोक लिया। तलाशी लेने पर गाड़ियों के अंदर से भारी संख्या में देसी शराब के पौव्वे बरामद हुए।
उनकी निशानीदेही पर पुलिस ने रमपुरा गांव में एक घर में छापा मारा, जहां ये शराब बनाई जाती थी। मौके से शराब के भरे पौव्वे, भारी संख्या में खाली पौव्वे, रैपर, ढक्कन व सील लगाने की मशीन, अल्कोहल, यूरिया और कलर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पकड़े गए आरोपियों में क्षेत्र के गांव सथरा धर्मपुर निवासी सुनील, गांव नौगवां मुबारिकपुर निवासी बीपी उर्फ बापी व नेकसू व गांव रमपुरा निवासी मनोज कुमार हैं। फरार आरोपियों में नौगवां मुबारिकपुर निवासी सनोज गुप्ता और पहाड़ी, गांव गुंदौरा निवासी मोनू हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
जहरीले अल्कोहल और यूरिया से बनाते थे शराब
शराब तस्कर जहरीले अल्कोहल और यूरिया मिलाकर शराब बनाकर उसमें रंग डाल देते थे। पौव्वे में रैपर और ढक्कन लगाकर तैयार कर लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई और शाहजहांपुर में मांग के अनुसार शराब सप्लाई करते थे। जिसमें इनको मोटी कमाई होती थी। किन-किन लोगों को ये लोग शराब सप्लाई करते थे, उनकी भी तलाश की जा रही है। संभावना है कि यह शराब देसी शराब की दुकानों पर भी ब्रिकी की जाती है। जिसमें कुछ सेल्समैन भी इनसे सस्ते दामों में शराब खरीदकर महंगे दामों में बेचते थे।
फैक्ट्री में बरामद हुआ माल
– 17136 खाली पौव्वा
– 150 जहरीली शराब से भरे सोल्जर कंपनी के पौव्वा
– एक टीयूवी व एक पिकअप
– दो तमंचा, चार कारतूस व चार चाकू
– 7000 ढक्कन
– 7000 रैपर
– 10 किलोग्राम यूरिया
– 70 लीटर एल्कोल
– दो मोबाइल
– शराब बनाने के उपकरण
“कलान पुलिस ने चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। जहरीली शराब फैक्ट्री के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई शराब काफी घातक है। इनके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।” -एस आनंद, एसपी
