लखनऊ में ईरान के इरफान ने जीती कुश्ती, भारतीय पहलवान हर्ष राणा को किया पराजित
अमृत विचार। शहर के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इंडोर हॉल बुधवार को उस वक्त तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा, जब अंतरराष्ट्रीय ईरानी पहलवान इरफान मैट पर पहुंचे। हर किसी को ईरान के इस फौलादी पहलवान के दांव-पेचों का इंतजार था। प्रदर्शनी मुकाबले में उनके सामने एसएसबी के मजबूत भारतीय पहलवान हर्ष राणा की चुनौती थी, लेकिन इरफान के अनुभव और चपलता के आगे वह टिक न सके।
जैसे ही दोनों पहलवानों ने हाथ मिलाया, दर्शकों ने 'शाबाश इरफान' और 'वेलडन हर्ष' के नारों से माहौल को जोश से भर दिया। मुकाबले की शुरुआत से ही इरफान ने आक्रामक रुख अपनाया और हर्ष पर लगातार दबाव बनाए रखा। अपनी खास तकनीक और फुर्ती का मुजाहिरा पेश करते हुए इरफान ने महज ढाई मिनट के भीतर अंकों के आधार पर हर्ष राणा को पराजित कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जीत दर्ज करते ही दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। फैंस ने ईरानी पहलवान को चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ सेल्फी व फोटो खिंचवाने की होड़ मच गई। लखनऊ की जनता से मिले इस अपार प्रेम से अभिभूत होकर इरफान ने सभी का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया।
