युद्ध के चलते पूरी दुनिया प्रभावित... गोरखपुर में बोले सीएम योगी- अफवाहों पर ध्यान न दें, मानसिक रूप से तैयार रहें...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के संभावित प्रभावों पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे मिडिल ईस्ट, एशिया और लगभग पूरी दुनिया प्रभावित हो रही है।

योगी आदित्यनाथ गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र (गीडा) में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "ईरान, इज़राइल और यूनाइटेड स्टेट्स के बीच चल रहे युद्ध से मिडिल ईस्ट, एशिया और लगभग पूरी दुनिया ही प्रभावित है। उस इलाके में हर कोई इससे प्रभावित है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम सुरक्षित हैं और बेखोफ अपनी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। लेकिन अगर यह युद्ध लंबा चला तो हर कोई प्रभावित होगा। हमें इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना होगा।"

सीएम योगी ने जनता को अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी और कहा, "हमें अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। हमने राज्य के अंदर व्यवस्था की है और जिला प्रशासन से LPG सिलेंडर की होम डिलीवरी लागू करने को कहा है, जैसा कि एजेंसियां पहले करती थीं। लेकिन कुछ लोग अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करना चाहते हैं। भारत में सब ठीक है।"

अफवाहों पर सख्ती

वर्तमान में मध्य पूर्व के युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे भारत में भी LPG सिलेंडर को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। कई जगहों पर लोग घबराकर सिलेंडर खरीद और स्टॉक करने लगे हैं, जिससे कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें आई हैं।

सरकार ने उठाए ये सख्त कदम
  1. जिला प्रशासन को LPG सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
  2. अफवाह फैलाने वालों और जमाखोरों पर कार्रवाई के लिए तैयारियां की गई हैं।
  3. राज्य में LPG आपूर्ति पर्याप्त बताई जा रही है, लेकिन लंबे युद्ध की स्थिति में चुनौतियों के लिए मानसिक तैयारी की अपील की गई है।

सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और विकास कार्य बिना रुके जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और भ्रामक खबरों से बचने की अपील की। सीएम योगी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब मध्य पूर्व में तनाव के चलते वैश्विक स्तर पर तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका असर भारत जैसे आयात पर निर्भर देशों पर पड़ रहा है।

संबंधित समाचार