बलरामपुर : पेट्रोल पंप पर मां-बेटी की पिटाई के मामले में जांच के आदेश, जानें क्या है पूरा मामला
बलरामपुर। अमेरिका-इजरायल तथा ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण भारत में ईंधन की किल्लत की अफवाहों के बीच उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति और उसकी बुजुर्ग मां के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बृहस्पतिवार को बताया कि इस घटना के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिये हैं।
बुधवार शाम को हुई इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें लोगों का एक समूह 'गंगाडीह शारदा फिलिंग स्टेशन' नामक पेट्रोल पंप पर अवधेश और उसकी मां को लाठियों से पीटते हुए दिखाई दे रहा है। गंगापुर लखना गांव के अवधेश ने बताया कि वह अपनी मां के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था और लौटते समय उसकी मोटरसाइकिल का ईंधन खत्म हो गया।
उसने बताया कि वह पेट्रोल पंप पर अपनी बारी का इंतजार कर रहा था, तभी कुछ लोग एक कार में आए और पहले ईंधन देने की जिद करने लगे। अवधेश के अनुसार इसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जिसके बाद कार में सवार लोगों और पेट्रोल पंप के कुछ कर्मचारियों ने उसे और उसकी मां को लाठियों से पीटा। जिलाधिकारी विपिन जैन ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए कहा कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की और कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। जैन ने बताया कि जिले में कुल 88 पेट्रोल पंप हैं, जिनमें से 86 चालू हैं और ईंधन की आपूर्ति कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि तेल कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे नियमित रूप से स्टॉक का विवरण साझा करें और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त टैंकरों की आपूर्ति सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि उनसे यह भी कहा गया है कि वे दिन में दो बार ईंधन के स्टॉक और वितरण पर अद्यतन रिपोर्ट दें। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ कोतवाली में मामला दर्ज किया जा रहा है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
