Bareilly: ऑटो पार्ट्स की दुकानों पर छापे, 15 मॉडीफाइड साइलेंसर जब्त

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में प्रतिबंधित मॉडीफाइड साइलेंसर दुकानों पर खूब बिक रहे हैं। लोग मोटी रकम खर्च कर पटाखों जैसी आवाज निकालने के लिए बुलेट में लगवा रहे हैं। पुलिस ने ऑटो पार्ट्स की दस दुकानों पर छापामार कार्रवाई में 15 मॉडीफाइड साइलेंसर बरामद किए। वहीं, चेकिंग में 74 वाहनों में मॉडीफाइड साइलेंसर पकड़े हैं।

एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जिले में 23 से लेकर 25 मार्च तक वाहन चेकिंग एवं मॉडीफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कुल 413 स्थानों पर 10,619 दोपहिया वाहनों को चेक किया गया। 74 वाहनों में मॉडीफाइड साइलेंसर पाए गए, जिनमें 30 को सीज और 45 का चालान किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य कारणों से 4,555 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया। जबकि अन्य कारणों से भी 08 वाहनों को सीज किया गया है। 

अभियान के दौरान कुल 7768 संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की, जिनमें से एक व्यक्ति के पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में थाना किला पर मुकदमा दर्ज कराकर आरोपी को जेल भेज दिया। वही मॉडीफाइड साइलेंसर लगाने, बेचने एवं बनाने वाली 562 दुकानों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान 11 दुकानों से 15 मॉडीफाइड साइलेंसर बरामद किए गए, जिनके संबंध में 11 व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई।

संबंधित समाचार