पेट्रोल-डीजल संकट के बीच जिला प्रशासन का फैसला : 12 बजे तक खुले रहेंगे पंप, शांति व्यवस्था के लिए तैनात रहेगा पुलिस बल
अयोध्या, अमृत विचार । पेट्रोल-डीजल संकट के बीच जिला प्रशासन ने लोगों को सुचारु रूप से आपूर्ति प्रदान कराने के लिए बड़ी राहत दी है। अब जिले में पेट्रोल पंपों का संचालन रात 12 बजे तक होगा। अभी तक नगर व ग्रामीण इलाकों में सुबह छह से रात 10 बजे तक तेल वितरण की व्यवस्था थी, लेकिन अब दो घंटे का समय बढ़ा दिया गया है। वहीं हाईवे पर संचालित होने वाले पंप पूर्व की भांति 24 घंटे संचालित होंगे।
अफवाहों के बीच जिले में फैली अफरातफरी को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने अपने कैंप कार्यालय में डीजल व पेट्रोल आपूर्ति के संबंध में अपर जिला अधिकारी (नगर) योगानंद पांडे, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, पुलिस उपाधीक्षक श्रीयश त्रिपाठी, जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा व तेल कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने वर्तमान में पेट्रोलियम पदार्थों (डीजल/पेट्रोल) के निर्गमन कार्यों में उत्पन्न समस्याओं को त्वरित गति से निस्तारण कराए जाने के आदेश दिए।
अब पंप पर कार्यरत कर्मचारी उपभोक्ताओं की लाइन लगवाकर पेट्रोलियम पदार्थों का वितरण करेंगे। जनता को जागरूक करने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। पम्प पर उपलब्ध स्टाॅक की स्थिति व आने वाले ऑयल टैंकरों के सम्बन्ध में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को ये निर्देश दिये जाएं कि तेल की कमी के सम्बन्ध में कोई गलत अफवाह जनता में प्रचार-प्रसार न हो सके। यदि कोई कर्मचारी गलत अफवाह फैलाने का दोषी पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक पेट्रोल पंप पर पुलिस बल की व्यवस्था की जायेगी। जिसका समय-समय पर निरीक्षण सम्बन्धित क्षेत्र के चौकी/थाना प्रभारी द्वारा किया जाएगा।
समस्त पंप संचालक डिपो को करेंगे अग्रिम धनराशि का भुगतान
अब से पेट्रोल पंपों पर बैनर/ सूचना पट्ट लगाया जायेगा, जिस पर आने वाले तेल टैंकरों की स्थिति प्रदर्शित की जाएगी। उपलब्ध स्टॉक का स्पष्ट प्रर्दशन किया जाएगा। डीजल/पेट्रोल का बोर्ड लगाकर ही टैंकर अनलोड किया जाएगा। जिले के समस्त पेट्रोल पम्प समय से अग्रिम धनराशि का भुगतान ऑयल डिपो पर करेंगे। जिससे उनको ऑयल डिपो से मिलने वाले आगामी ऑयल टैंकरों में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। कोई भी पेट्रोल पंप डिब्बो व ड्रमों में पेट्रोलियम पदार्थों का वितरण नहीं करेंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया है कि संबंधित आदेश का सख्ती से अनुपालन हो। अनुपालन न करने वाले के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने फिर की अपील, अनावश्यक भीड़ न लगाएं
अफवाहों के बीच पेट्रोल-डीजल की मारामारी को देखते हुए जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने गुरुवार को एक बार फिर लोगों से अपील की है कि है पैनिक न हों। पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल की प्रतिदिन खपत 538 केएल लीटर है। उपलब्धता 773 केएल लीटर है, यानी जरूरत से ज्यादा स्टॉक मौजूद है। डीजल की प्रतिदिन खपत 671 केएल लीटर है। उपलब्धता 1015 केएल लीटर है, जो खपत से काफी अधिक है। लोगों कहा है कि जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचें। स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
पंपों पर लगी रही लाइन, पुलिस की मौजूदगी में बंटा तेल
अफवाहों का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है, लेकिन पंपों पर तेल लेने वाले लोगों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है, गुरुवार को भी पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। कई पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने के नोटिस चस्पा कर दिए गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी रही। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए कई जगहों पर तैनात होना पड़ा।
कम हो रहा अफवाहों का असर, लेकिन नहीं टूट रही लोगों की भीड़
देवकाली स्थित एक पंप पर तो एक ग्राहक को 200 रुपये से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया गया। रामनगर और नाका चुंगी वाले पंपों पर दोपहर बाद तक तेल की आपूर्ति नहीं हो सकी। सुबह से बंद वजीरगंज का पंप दोपहर बाद संचालित हुआ। हाईवे स्थित पंपों पर हालांकि कोई खास दिक्कत नहीं रही, लेकिन नगर क्षेत्रों के पंपों पर भीड़ ज्यादा उमड़ी रही। जिला आपूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की बजाय सामान्य व्यवहार करने की अपील की। पुलिस ने संवेदनशील पंपों पर बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया और व्यवस्थित तरीके से ईंधन बांटा। अफवाहों के कारण अचानक मांग बढ़ने से जिले में मंगलवार और बुधवार को कुछ पंपों पर अस्थायी दबाव पड़ा, अफरातफरी की स्थिति रही, गुरुवार से स्थिति अब सामान्य होने लगी है।
एसडीएम सदर ने किया निरीक्षण
एसडीएम सदर राम प्रसाद त्रिपाठी व सीओ सदर अरविंद सोनकर ने श्रीपति फिलिंग स्टेशन मडना पूराबजार का निरीक्षण कर पेट्रोल और डीजल के वितरण का जायजा लिया। एसडीएम सदर ने बताया कि तेल वितरण नियमानुसार किया जा रहा है। उन्होंने पेट्रोल पंप के मालिक अजितेंद्र प्रताप सिंह सिंह को निर्देश दिया कि पंप पर पंक्तिबद्ध होकर लोग मशीन तक पहुंचें। सीओ सदर अरविंद सोनकर ने कहा कि तेल वितरण के समय सूचना पर उचित पुलिस बल तैनात किया जाएगा। थाना अध्यक्ष महाराजगंज राजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद थे।
घर से ट्रैक्टर लाने-जाने में दो लीटर डीजल खर्च
बीकापुर जाना बाजार मार्ग पर तेंदुआ माफी में गुरुवार को डिब्बा लेकर डीजल लेने आए तमाम किसान मायूस होकर लौट गए। कई लोग तो दोबारा घर जाकर अपना ट्रैक्टर लेकर आए फिर भी 500 तक ही डीजल दिया गया। कई किसानों ने बताया कि वह पांच से 10 किलोमीटर दूर से अपना ट्रैक्टर लेकर डीजल लेने आए हैं। दो लीटर तो आने-जाने में खर्च हो गया अब सिर्फ सीमित मात्रा में लीटर डीजल दिया गया है, कैसे काम चलेगा। ऐसे में वह अपना डीजल इंजन और पंपसेट लेकर पेट्रोल पंप पर कैसे आएंगे जिससे उन्हें डीजल मिल सके।
