एजेंटिक ब्राउजर : इंटरनेट का नया ‘स्मार्ट सारथी’
कल्पना कीजिए कि आप अपने मोबाइल या कंप्यूटर से बस इतना कहें- “अगले महीने मुंबई जाने के लिए सबसे सस्ती फ्लाइट ढूंढकर टिकट बुक कर दो” और आपका ब्राउजर खुद अलग-अलग वेबसाइटों पर जाए, कीमतों की तुलना करे और आपके लिए सबसे अच्छा विकल्प चुन ले। कुछ समय पहले तक इस तरह की बातें साइंस-फिक्शन जैसी लगती थीं, लेकिन आज की डिजिटल दुनिया में यह तेजी से वास्तविकता बन रही है।
इस तकनीक को “एजेंटिक ब्राउजर” कहा जा रहा है- ऐसे ब्राउजर जो केवल वेबसाइट दिखाते नहीं, बल्कि उपयोगकर्ता की ओर से इंटरनेट पर काम भी कर सकते हैं। अब तक ब्राउजर एकखिड़की की तरह थे, जिनसे हम वेब देखते थे, लेकिन अब वे एक तरह के डिजिटल सहायक या प्रतिनिधि बनने की ओर बढ़ते दिखने लगे हैं। इंटरनेट का अनुभव “खुद खोजने और क्लिक करने” से बदलकर “लक्ष्य बताने और काम करवाने” की दिशा में बढ़ रहा है।- डॉ. शिवम भारद्वाज
क्लिक से उद्देश्य तक: ब्राउजिंग का नया मॉडल
अब तक हम Chrome, MozillaFirefox, Safari, Edge जैसे ब्राउजर का इस्तेमाल मुख्यतः वेबसाइट देखने के लिए करते रहे हैं। कोई जानकारी चाहिए तो सर्च करना पड़ता है, कई लिंक खोलने पड़ते हैं और ज़रूरी फॉर्म या भुगतान जैसी प्रक्रियाएं खुद पूरी करनी पड़ती हैं। एजेंटिक ब्राउजर इस पूरी प्रक्रिया को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। इनमें लगे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित एजेंट उपयोगकर्ता के उद्देश्य को समझते हैं और फिर उसी के आधार पर इंटरनेट पर काम करते हैं। वे वेबसाइट खोलते हैं, जानकारी इकट्ठा करते हैं, तुलना करते हैं और कई बार पूरी प्रक्रिया भी पूरी कर देते हैं। सरल शब्दों में कहें तो इंटरनेट का अनुभव अब केवल जानकारी खोजने तक सीमित नहीं रह रहा, बल्कि डिजिटल काम करवाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
रोजमर्रा के काम कैसे बदलेंगे
अभी इंटरनेट पर किसी साधारण काम के लिए भी उपयोगकर्ता को कई चरणों से गुजरना पड़ता है। वेबसाइट ढूंढना, अलग-अलग विकल्प देखना, जानकारी पढ़ना और फिर निर्णय लेना। एजेंटिक ब्राउजर इंटरनेट पर बिखरे हुए कामों को एक क्रम में जोड़कर इस पूरी प्रक्रिया को सरल और संगठित बना सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर कोई उपयोगकर्ता ब्राउजर से कहे कि “मुझे 2000 रुपये से कम कीमत के नीले रंग के रनिंग शूज चाहिए जिनकी रेटिंग चार स्टार से ऊपर हो,” तो एजेंटिक ब्राउज़र अलग-अलग ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर जाकर विकल्प खोज सकता है और सबसे उपयुक्त उत्पाद सामने रख सकता है। इसी तरह यात्रा की योजना बनाते समय यह विभिन्न एयरलाइन और होटल वेबसाइटों से जानकारी लेकर कीमतों और सुविधाओं की तुलना कर सकता है।किसी लंबी रिपोर्ट या शोधपत्र को पढ़ने के बजाय ब्राउज़र उसका सार और मुख्य बिंदु तैयार कर सकता है। सरकारी सेवाओं या ऑनलाइन प्रक्रियाओं में भी यह तकनीक मददगार हो सकती है—जैसे ट्रेन टिकट बुक करना, बिल जमा करना या किसी आवेदन की प्रक्रिया पूरी करना, जिनमें अक्सर कई चरण होते हैं।
यदि यह प्रवृत्ति आगे बढ़ती है, तो इंटरनेट का अनुभव भी बदल सकता है। उपयोगकर्ता हर क्लिक खुद करने के बजाय केवल अपना लक्ष्य बताएगा और ब्राउज़र उस तक पहुँचने के लिए जरूरी डिजिटल प्रक्रियाओं को क्रमबद्ध कर देगा। इस तरह वेब धीरे-धीरे केवल वेबसाइटों का संग्रह नहीं रहेगा, बल्कि एक ऐसेडिजिटल कार्य-परिसरमें बदल सकता है जहाँ खोज, विश्लेषण और कार्रवाई एक ही जगह पर संभव हों।
तकनीकी कंपनियों के बीच नई दौड़
एजेंटिक ब्राउजर ने टेक कंपनियों के बीच एक नई होड़ छेड़ दी है। ब्राउजर अब केवल इंटरफेस नहीं, बल्कि एक्जीक्यूशन लेयर बन रहा है, जो आपकी डिजिटल पहचान के नाम पर फैसले ले सकता है और लेन-देन भी कर सकता है।
कुछ साल पहले तक ब्राउज़र बाज़ार में क्रोम, मोजिला फायर फॉक्स, सफारी और एज जैसे नाम ही हावी थे, अब हर दिग्गज कंपनी चाहती है कि इंटरनेट पर उपयोगकर्ता जो भी करे, उसका पहला और आखिरी साथी वही ब्राउजर हो। ओपेन एआई का चैट-जीपीटी एटलस एड्रेस बार की जगह एआई को बैठाकर ब्राउजर की पारंपरिक परिभाषा बदल देता है। यह एजेंट मोड में खुद वेबसाइटों पर जाकर जानकारी जुटा सकता है, तुलना कर सकता है और कई मामलों में फॉर्म भरने व बुकिंग तक की प्रक्रिया संभाल सकता है। गूगल क्रोम अपने उपयोगकर्ताओं तक जेमिनी आधारित आटो ब्राउज के जरिए यह दिखाना चाहता है कि वही पुराना ब्राउजर अब नए दिमाग के साथ लौट आया है, जहां सारांश, शोध और डेटा विश्लेषण सब कुछ ब्राउजर के भीतर होता है।
इसी दौड़ में Perplexity का Comet भी है। एआई नेटिव यह ब्राउजर Comet Assistant के माध्यम से अलग-अलग वेबसाइटों के बीच नेविगेट कर जानकारी इकट्ठा करता है, कई स्रोतों से डेटा जोड़कर सुझाव देता है और हाल के अपडेट्स के बाद उपयोगकर्ता की अनुमति लेकर कुछ बहुचरणीय ऑनलाइन प्रक्रियाओं को भी अपने आप व्यवस्थित कर सकता है। Microsoft Edge का Copilot Mode Windows, Office और क्लाउड सेवाओं को जोड़कर ब्राउजर को पूरे डिजिटल कार्यप्रवाह का सहायक बनाने की दिशा में काम कर रहा है।
Opera Neon और The Browser Company का Dia जैसे नए खिलाड़ी पूरी तरह एआई संचालित इंटरफेस, ऑटोमेटेड टैब मैनेजमेंट और संदर्भ आधारित नेविगेशन जैसे प्रयोगों के जरिए इस दौड़ को और तेज कर रहे हैं। चेहरे भले अलग-अलग हों, लक्ष्य एक ही है। आपके रोजमर्रा के डिजिटल कामों की रस्सियां अपने हाथ में लेना।
भारत के लिए इसका महत्व
भारत जैसे देश में एजेंटिक ब्राउज़र का महत्व और भी बढ़ सकता है। यहाँ करोड़ों लोग इंटरनेट का उपयोग तो करते हैं, लेकिन जटिल वेबसाइटों और ऑनलाइन प्रक्रियाओं से अक्सर घबराते हैं।यदि ब्राउज़र उपयोगकर्ता की भाषा में बातचीत कर सके और उसके लिए आवश्यक काम कर सके, तो यह डिजिटल सेवाओं को अधिक सुलभ बना सकता है। हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं में बातचीत करने वाले एजेंटिक ब्राउज़र उन लोगों के लिए इंटरनेट को आसान बना सकते हैं जो अभी तकनीकी रूप से बहुत सहज नहीं हैं।छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के नए इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के लिए यह तकनीक एक तरह काडिजिटल साथीबन सकती है।
सुविधा के साथ चुनौतियां भी
हर नई तकनीक की तरह एजेंटिक ब्राउज़र के साथ भी कुछ चिंताएँ जुड़ी हुई हैं।सबसे बड़ा सवालडेटा गोपनीयताका है। क्योंकि ब्राउज़र उपयोगकर्ता की ओर से काम करेगा, उसे उसकी पसंद, व्यवहार और कई बार संवेदनशील जानकारी तक पहुँच हो सकती है। इसलिए सुरक्षा और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण होंगी।
जितना अधिक अधिकार हम ब्राउज़र एजेंट को देंगे, उतनी ही गहरी हमारी निर्भरता और जोखिम दोनों होंगे। चूँकि ये एजेंट हमारी पहचान के नाम पर वेबसाइटों पर कार्रवाई करते हैं, गलत कॉन्फ़िगरेशन या साइबर हमले की स्थिति में आर्थिक धोखाधड़ी, डेटा चोरी और “स्वचालित” दुरुपयोग की संभावनाएँ बढ़ जाती हैं।
एजेंटिक ब्राउज़र यदि स्कैमर्स के नियंत्रण में आ गये तो बड़े पैमाने पर ठगी के उपकरण भी बन सकते हैं; खासकर प्रॉम्प्ट इंजेक्शन, मेमोरी मैनिप्युलेशन और क्रॉस सेशन अटैक जैसे बड़े खतरे दरकिनार नहीं किए जा सकते। इसके अलावा यह भी सवाल उठता है कि क्या हम धीरे-धीरे इतनी स्वचालित तकनीक पर निर्भर हो जाएंगे कि खुद जानकारी खोजने की आदत कम हो जाएगी। भारत के संदर्भ में एजेंटिक ब्राउज़र का उभार एक नई नीतिगत चुनौती भी प्रस्तुत करता है।
भारत सरकार का डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) अधिनियम 2023 अभी पूरी तरह लागू हो रहा है, और एजेंटिक ब्राउज़र जैसी तकनीक इसकी सीमाओं को परीक्षण में डालेगी। जब कोई एआई ब्राउज़र उपयोगकर्ता की ओर से स्वचालित रूप से फॉर्म भरता है, सेवाएँ बुक करता है और डेटा साझा करता है, तो "सहमति" (consent) की अवधारणा धुंधली हो जाती है। DPDP अधिनियम के अंतर्गत डेटा फिड्यूशरी की जवाबदेही स्पष्ट है, लेकिन एजेंटिक ब्राउज़र इस जवाबदेही की श्रृंखला को जटिल बनाते हैं। भारतीय नीति–निर्माताओं को इस तकनीक के व्यापक प्रसार से पहले स्पष्ट नियामक ढाँचा तैयार करना होगा।
भविष्य की दिशा
यह स्पष्ट है कि ब्राउज़र तकनीक एक नए चरण में प्रवेश कर चुकी है। जिस प्रकार सर्च इंजन ने वेब को व्यवस्थित किया और स्मार्टफोन ने इंटरनेट को हर व्यक्ति की जेब तक पहुँचाया, उसी प्रकार एजेंटिक ब्राउज़र इंटरनेट को अधिक बुद्धिमान और अधिक स्वचालित अनुभव में बदल सकते हैं। भविष्य में ब्राउज़र केवल वेबसाइट देखने का माध्यम नहीं रहेंगे, बल्कि वे ऐसे प्लेटफ़ॉर्म बनेंगे जहाँ खोज, विश्लेषण, संवाद और निर्णय–सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध हों,
लेकिन इस परिवर्तन की दिशा इस बात पर निर्भर करेगी कि तकनीकी कंपनियाँ, नीति–निर्माता और उपयोगकर्ता मिलकर इस नई तकनीक को किस प्रकार आकार देते हैं। क्योंकि इंटरनेट का अगला इंटरफेस निश्चित रूप से एजेंटिक होगा पर यह अभी तय होना बाकी है कि वह उपयोगकर्ता को अधिक स्वतंत्र बनाएगा या डिजिटल दुनिया के नए द्वारपाल तैयार करेगा।
