Bareilly : एलपीजी सिलेंडर के बिना कैटरर्स कारोबार चौपट...ऑर्डर हो रहे निरस्त 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। कैटरिंग कारोबारी जनपद में एलपीजी सिलेंडर मिलने की समस्या होने से सीधे तौर पर कारोबार पर असर बता रहे हैं। कैटरर्स जहां बुकिंग निरस्त कर रहे हैं वहीं बरात घर मालिकों की बेचैनी बढ़ रही है। बरात घर मालिकों का कहना है कि अगर यही हालत रहा तो सहालग में सारा धंधा चौपट हो जाएगा।

शहर के 90 फीसदी मैरिज हॉल बुक हैं, लेकिन कैटरर्स गैस किल्लत की वजह से हाथ खड़े करए ऑर्डर निरस्त कर रहे हैं। बैंक्वेट हॉल संचालकों के मुताबिक 15 अप्रैल से वैवाहिक आयोजन शुरू होने हैं। सभी तिथियों में शहर के 80 से 90 फीसदी हॉल बुक हैं। जब बुकिंग हुई तब अंदाजा नहीं था कि युद्ध से ये स्थिति होगी। हालत ये है कि घर के लिए ही सिलेंडर मिलना मुश्किल है।

कारोबारियों का कहना है कि जिले में करीब छह सौ छोटे-बड़े मैरिज हॉल हैं। कस्बे, देहात में भट्ठियों पर भोजन की व्यवस्था हो सकती है लेकिन शहर के करीब दो सौ हॉल में यह मुमकिन नहीं। किसी में भी पीएनजी कनेक्शन नहीं है। कोई आयोजक सिलेंडर ले आया तो अतिथियों की संख्या या मेन्यू में कटौती करना तय है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू होने की सुगबुगाहट समेत आवश्यक सेवा तक सीमित रहने की चर्चाएं भी हैं। ऐसी स्थिति में कैटरर्स के साथ साथ बैंक्वेट हॉल मालिक भी परेशान हैं।

कैटरर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने किया मंथन
कैटरर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने गैस की किल्लत को लेकर बीसलपुर रोड स्थित एक निजी होटल में गुरुवार की देर रात बैठक की। एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश वैष्णवी और राजेंद्र रावत के संचालन में हुई बैठक में बताया गया कि गैस की कमी, डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों और खाद्य सामग्री के दामों में उछाल से कैटरिंग लागत काफी बढ़ गई है। इसका सीधा असर अब ग्राहकों पर पड़ना तय है। कैटरर्स ने साफ किया कि देर रात तक चलने वाले कार्यक्रम स्टाफ के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। ऐसे में अब रात 12 बजे के बाद कार्यक्रम जारी रखने के लिए 25 हजार का अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। ऐसे में अब कैटरिंग चार्ज में 25 से 50 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी संभव है।

संबंधित समाचार