मुख्यमंत्री मान ने की जनता से अपील- ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद, अफवाहों पर ध्यान न दें

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को जनता को भरोसा दिया कि ईंधन की घबराहट में खरीदारी करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। मान ने संवाददाताओं से कहा, ''हमारे पास तेल का पर्याप्त भंडार है, जैसा कि हाल तक रहा करता था। हमारे देश में एलपीजी की आपूर्ति भी पर्याप्त है। मैं लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह करता हूं। हम मांग पूरी कर रहे हैं।''

उन्होंने कहा, '' लोग ईंधन की घबराहट में अंधाधुंध खरीदारी न करें। घरों में बड़ी मात्रा में ईंधन का भंडारण खतरनाक हो सकता है, और मैं ऐसे जोखिम न लेने की सलाह देता हूं।'' मान शुक्रवार को पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों की बुलाई गई ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान, मान ने एक अप्रैल से शुरू होने वाले गेहूं खरीद सत्र पर प्रकाश डाला और आश्वासन दिया कि प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए पर्याप्त ईंधन भंडार उपलब्ध है।

मान ने कहा, ''सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत, हमें राष्ट्रीय कोटे के लिए फसल खरीदनी होती है। हमने कहा कि फसल की सुचारू आवाजाही के लिए ईंधन की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।'' मान ने गेहूं की कटाई और खरीद के बाद धान की बुवाई का सत्र जून में शुरू होने के मद्देनजर केंद्र से पंजाब को डीएपी (डायमोनियम फॉस्फेट) उर्वरक की आपूर्ति को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों या किसी भी अवैध गतिविधि में लिप्त लोगों पर लगाम लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई हैं। हमारी टीम इस दिशा में काम कर रही हैं और 27 मार्च तक 1,497 जांच की गईं और 301 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए।"  

संबंधित समाचार