Bareilly: अशोक विहार में दोस्तों ने चाकू से गोदकर युवक उतारा मौत के घाट
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक पर उसके ही दोस्तों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। अब युवक के पिता ने उसके आठ दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामला इज्जतनगर थाना क्षेत्र की अशोक विहार कालोनी का है। यहां रहने वाले कहरी सिंह ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की शाम उनका पोशाकी लाल घर पर मौजूद था। शाम करीब 7:30 बजे उसके दोस्त घर पर आए और बहला फुसलाकर अपने साथ ले गए। चार खंभा के पास उसके ऊपर दोस्तों ने चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गए।
बेटे को घायल हालत में वह अस्पताल लेकर पहुंचे। शनिवार सुबह पोशाकी लाल की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद उन्होंने दोस्त शिव पटेल, मानव राजपूत, गौरव, पारस, कृष्णा समेत 3 अन्य के खिलाफ थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार किया जाएगा।
