Kim Jong Big Action On US : ईरान से युद्ध के बीच किम जोंग उन ने किया शक्ति प्रदर्शन, खतरनाक मिसाइल के इंजन का किया परीक्षण
सियोलः उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने उच्च शक्ति वाले ठोस ईंधन इंजन के परीक्षण का अवलोकन किया और इसे देश की सामरिक सैन्य क्षमता को बढ़ाने वाला घटनाक्रम बताया। यह परीक्षण संभवतः इस बात का संकेत है कि किम ऐसी मिसाइलों के जखीरे का विस्तार एवं आधुनिकीकरण करना चाहते हैं जो अमेरिका की मुख्यभूमि तक पहुंचने में सक्षम हो।
'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' (केसीएनए) के यह जानकारी देने से कुछ दिन पहले ही, किम जोंग उन ने संसद में अपने भाषण में कहा था कि वह उत्तर कोरिया को स्थायी तरीके से परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में स्थापित करेंगे और ''सबसे बड़े दुश्मन'' दक्षिण कोरिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए रहेंगे। किम ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए अमेरिका पर आतंकवाद और आक्रामकता को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।
केसीएनए के अनुसार, किम ने मिश्रित कार्बन फाइबर सामग्री से बनाए गए नए उन्नत इंजन का 'ग्राउंड जेट' परीक्षण (इंजन का जमीन पर किया गया परीक्षण) देखा। एजेंसी ने बताया कि इंजन का अधिकतम थ्रस्ट 2,500 किलोटन है, जो सितंबर में इसी तरह के ठोस ईंधन इंजन के एक परीक्षण में बताये गये लगभग 1,971 किलोटन से अधिक है। पर्यवेक्षकों का कहना है कि इंजन की शक्ति बढ़ाने की यह कोशिश संभवतः एक ही मिसाइल पर कई आयुध लगाने के प्रयासों से जुड़ी है ताकि अमेरिकी रक्षा प्रणाली को भेदने की संभावना बढ़ाई जा सके। केसीएनए की खबर में यह नहीं बताया कि यह परीक्षण कब और कहां हुआ।
केसीएनए की खबर में बताया कि यह परीक्षण देश के पांच-वर्षीय सैन्य विस्तार कार्यक्रम के तहत किया गया। इस योजना के उद्देश्यों में ''सामरिक हमले के साधनों'' को उन्नत करना शामिल है। केसीएनए की खबर के अनुसार किम ने कहा कि नवीनतम इंजन परीक्षण का ''देश की सामरिक सैन्य ताकत को सर्वोच्च स्तर पर पहुंचाने में बहुत महत्व'' है।
हाल के वर्षों में उत्तर कोरिया ने विभिन्न प्रकार की ऐसी अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल (आईसीबीएम) का परीक्षण किया है जो अमेरिकी मुख्यभूमि तक पहुंचने की उनकी संभावित क्षमता को प्रदर्शित करती हैं। इनमें ठोस प्रणोदक वाली मिसाइलें भी शामिल हैं जिनका प्रक्षेपण से पहले पता लगाना अधिक कठिन होता है।
