प्रदेश में PNG सेवाओं के विस्तार की स्वयं मॉनिटरिंग करेंगे ऊर्जा मंत्री, यूपी में लंबित NOC जल्द निपटाने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार: शहरी क्षेत्रों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवाओं के विस्तार और आवश्यक सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुई इस बैठक में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा शामिल रहे।
बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने की, जिसमें मनोहर लाल खट्टर और प्रह्लाद जोशी सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसमें सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क के विस्तार, पीएनजी कनेक्शन वितरण में तेजी और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को हुई बैठक में बताया कि उप्र. के कई नगरीय निकायों में एनओसी से जुड़े कुछ मामले लंबित हैं। इनमें बहराइच, वाराणसी, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए वे स्वयं निगरानी करेंगे और संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया सरल और तेज करने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूपी में सीजीडी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। केंद्र सरकार को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि आमजन को सुलभ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर समन्वय किया जाएगा।
बैठक में उत्तर प्रदेश सहित हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, तेलंगाना और दिल्ली ने सक्रिय भागीदारी की। इसमें केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल के जरिए शहरी विकास को गति देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
