लखनऊ में IPL का खुमार : LSG और दिल्ली कैपिटल्स के हाई वोल्टेज मुकाबले की तैयारी जोरों पर, एक अप्रैल को होगा हाईवोल्टेज मुकाबला

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: आईपीएल का उत्साह लखनऊ में चरम पर पहुंच गया है। एक अप्रैल को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में मेजबान लखनऊ सुपरजायंट्स (एलएसजी) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले मुकाबले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। एलएसजी पिछले दस दिनों से मैदान पर अपनी तैयारियों को धार दे रही है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स की टीम 30 मार्च को लखनऊ पहुंचकर अगले दिन अभ्यास करेगी। शनिवार को स्टेडियम में फ्लड लाइट्स के बीच अभ्यास मैच हुआ।

कप्तान ऋषभ पंत, ग्लोबल डायरेक्टर टॉम मूडी और हेड कोच जस्टिन लैंगर की मौजूदगी में खिलाड़ियों ने अपनी फिटनेस और फॉर्म का परिचय दिया। टीम प्रबंधन अंतिम एकादश चयन को लेकर गहन चर्चा करता नजर आया। एलएसजी की सबसे बड़ी ताकत उसका विस्फोटक बल्लेबाजी क्रम है। टीम में विदेशी दिग्गज मिचेल मार्श, एडन मार्करम और निकोलस पूरन शामिल हैं, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को चुनौती दे सकते हैं। मध्यक्रम में कप्तान ऋषभ पंत, आयुष बदोनी और अब्दुल समद बल्लेबाजी में भरपूर योगदान देंगे। गेंदबाजी विभाग की कमान अनुभवी मोहम्मद शमी के हाथ में है, जबकि मयंक यादव, मोहसिन खान और आवेश खान की तेज़ गेंदबाजी विपक्षी टीम के लिए चुनौती होगी। स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा दिग्वेश राठी संभालेंगे।

बिक चुकी हैं पचास प्रतिशत टिकटें

50 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इकाना स्टेडियम के लगभग साठ प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग में हो रही असुविधा को देखते हुए एलएसजी ने हजरतगंज मेट्रो स्टेशन और प्लासियो मॉल में ऑफलाइन काउंटर खोले हैं, जो सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक खुलेंगे। इस बार पहली बार एम-टिकट (मोबाइल टिकट) की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसे बुक माई शो के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है। दर्शक मैच में न आ पाने की स्थिति में मैच से तीन घंटे पहले अपना टिकट डिजिटल रूप से किसी करीबी को ट्रांसफर भी कर सकते हैं।

संबंधित समाचार