Bareilly: दोस्त बने हैवान, पहले से तय था छात्र शिवा के मर्डर का प्लान, चाकू मारकर आतें निकालीं 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर क्षेत्र में हत्या की सनसनीखेज वारदात का शिकार हुआ इंटरमीडएट का छात्रा शिवा पटेल अपने जिस दोस्त मानव के कहने पर घर से निकला था, उस पर वह आंख बंद कर भरोसा करता था। खाना खाते में बीच से उठकर वह उसके साथ गया था, लेकिन उसे नहीं पता था कि दोस्तों की टोली में मौत उसका इंतजार कर रही है। चाकुओं से लेस होकर पहुंचे युवकों ने शिवा पर हमला कर दिया। अटैक ऐसा कि छात्र आंतें बाहर निकल आईं। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने ऑपरेशन भी किया लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी।

मारे गए छात्र शिवा के परिवार ने सुनियोजित हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस के अनुसार, शिवा उसके दोस्त मानव राजपूत ने घर से बुलाया था। परिजनों के मुताबिक, मानव शिवा को जहां लेकर पहुंचा, वहां पहले से कई कई परिचित युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान शिवा पर सामने वालों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने शिवा से पहले मारपीट भी की और उसे ताबड़तोड़ चाकू घोंप दिए। शनिवार तड़के शिवा की अस्पताल में मौत हो गई। शिवा भाइयों में दूसरे नंबर का था और उसने भगवती कॉलेज में पढ़ते हुए 12वीं के पेपर दिए थे। वह पिता के साथ ई-रिक्शा चलाकर परिवार की आर्थिक मदद भी करता था। बेटे की मौत से परिवार में कोहरा मचा है। मां-बाप बेहाल हैं। घटना के बाद सैनिक कॉलोनी और आसपास के इलाके में डर का माहौल है।

दो युवकों ने शिवा को जकड़ा, एक ने पेट फाड़ा
मृत छात्र शिवा के भाई हिमांशु ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि शुक्रवार की शाम को उसका भाई खाना खा रहा था। तभी मानव राजपूत और दो तीन अन्य लड़के आए। उनके बुलावे पर शिवा खाना छोड़कर उनके साथ चला गया। कुछ देर बाद घर सूचना पहुंची कि उसके भाई पर चाकूओं से हमला किया गया है। अस्पताल जाकर देखा तो गंभीर था। पुलिस ने शिवा के बयान लिए तो उसने बताया कि रचित और पारस ने उसे पकड़ लिया था। जबकि गौरव ने चाकू मारे। हमलावरों ने छात्र के पेट, सीने और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और इलाज के दौरान उसकी जान चली गई।

परिजनों का आरोप, साजिश के तहत की गई हत्या
परिजनों ने शिवा के दोस्तों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे। घर से लगभग 400 मीटर की दूरी पर ''चार खंभा के पास एक सुनसान गली में हमलावरों ने पहले से ही 15 से 20 लड़कों को इकट्ठा कर रखा था। गौरव, रचित और पारस के साथ करीब दो दर्जन से अधिक लड़के वहां मौजूद थे। जब शिवा वहां पहुंचा तो उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सुबह दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद शिवा उसे निपटवाने के लिए वहां पर पहुंचा था।

सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि छात्र की हत्या के मामले में पांच नामजद समेत तीन अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना की वजह की भी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से भी जांच की जा रही है। आरोपियों को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा किया जाएगा।

 

संबंधित समाचार