Bareilly: सेटेलाइट बस स्टैंड पर ''मौत के नाले'' पर बिछाया लोहे का जाल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सेटेलाइट बस स्टैंड के नाले में गिरकर हरदोई निवासी ट्रक चालक तौहीद की मौत के बाद नगर निगम ने रविवार को सुरक्षा के इंतजाम शुरू कर दिए। नाले के स्थान को लोहे के मजबूत जाल से सुरक्षित करने का काम शुरू किया गया। श्रमिकों ने नाले के पास टूटे पत्थरों को हटाकर वहां लोहे का सुरक्षा कवच बिछाने का कार्य किया। निगम अब पुलिस चौकी के पीछे वाले हिस्से को भी लोहे के जाल से पूरी तरह कवर करने की तैयारी में है, ताकि भविष्य में कोई और राहगीर इस मौत के कुएं का शिकार न बने।

चीफ इंजीनियर मनीष अवस्थी के अनुसार सेटेलाइट स्थित इस नाले पर बना जंक्शन बॉक्स तकनीकी रूप से बेहद संवेदनशील है। यहां शाहजहांपुर रोड, पीलीभीत रोड और सिविल लाइन जैसे तीन प्रमुख इलाकों का पानी एक साथ आकर मिलता है, जिसके कारण बहाव की गति अत्यंत तीव्र हो जाती है। करीब नौ फुट गहरे इस नाले के जंक्शन बॉक्स को अब विशेष रूप से डिजाइन किए गए लोहे के कवर से ढका जा रहा है। नाले की सफाई के दौरान इस जाल को आसानी से खोला जा सकेगा।

इसे दोबारा लॉक कर दिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस चौकी के पीछे वाले हिस्से में भी सफाई के लिए अलग से बॉक्स बनाने की योजना है। सुरक्षा इंतजामों को और पुख्ता करने के लिए नगर निगम नाले के दूसरी ओर करीब डेढ़ फुट ऊंची सुरक्षा दीवार का निर्माण भी करा रहा है। नाले पर स्लैब डालने और अन्य खुले हिस्सों को पत्थर से पाटने का काम भी साथ-साथ चल रहा है। लंबे समय से खुले इस गहरे नाले और उससे उठने वाली दुर्गंध से स्थानीय दुकानदार और राहगीर बेहद परेशान थे, जो अब राहत की उम्मीद जता रहे हैं।

संबंधित समाचार