Bareilly: अब 'यक्ष' एप पहचानेगा कुख्यात बदमाशों की आवाज...जोड़ा गया ये नया फीचर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए यक्ष एप अब पुलिस के लिए रामबाण साबित होगी। इस एप में वाइस सर्च जोड़ दिया गया है जिसके तहत बदमाशों की गिरफ्तारी के समय उनकी आवाज भी रिकॉर्ड की जाएगी। इससे भविष्य में बदमाश की पहचान आवाज से भी कराई जा सकेगी। इससे फायदा यह होगा कि वह अपराधी दोबारा किसी भी जिले में पकड़ा जाएगा तो पहचान आसानी से की जा सकेगी।

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि किसी भी आरोपी को पकड़ने पर उसका फोटो, फिंगरप्रिंट और आवाज का सैंपल डाटा एप के जरिए सुरक्षित रखा जाएगा। इससे भविष्य में फोन पर धमकी देने, फिरौती मांगने या भीड़भाड़ में छिपे अपराधियों की पहचान आसानी से की जा सकेगी। यक्ष एप में पहले से ही कई महत्वपूर्ण फीचर मौजूद हैं। किसी भी मामले में आरोपी की गिरफ्तारी होने पर उसका फोटो, आपराधिक इतिहास और अन्य जानकारी इसमें दर्ज की जा रही है। 

फोन कर शेयर ट्रेडिंग फ्राड और डिजिटल अरेस्ट के मामले में यक्ष एप आने वाले दिनों में कारगर साबित होगा। प्रदेश में पुलिस किसी भी आरोपी को साइबर अपराध के मामले में गिरफ्तार कर उसकी आवाज रिकार्ड करेगी। भविष्य में साइबर ठगी के मामलों में यदि पीड़ित पुलिस को आरोपियों से हुई बातचीत का रिकॉर्ड उपलब्ध कराते हैं तो पुलिस यक्ष एप के जरिए एआई की मदद से आवाज की पहचान कर सकती है। इससे पुलिस को साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट के मामलों का पर्दाफाश करने में मदद मिलेगी। एआई की मदद से फोन पर आवाज बदलकर धमकी देने या भीड़ में नारेबाजी करने वालों की पहचान भी हो सकेगी। यदि किसी अपराधी का डाटा एप में मौजूद है तो उसके चेहरे का एआइ के जरिए मिलान कर पुलिस चिन्हित कर सकती है।

संबंधित समाचार