रेलवे-बस स्टेशनों पर भी 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन! अब 60 मिनट में पहुंचेगी मदद

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: महिला कल्याण विभाग की 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन सेवा के माध्यम से अब तक प्रदेश में 2.31 लाख से अधिक जरूरतमंद बच्चों को सहायता प्रदान की जा चुकी है। प्रदेश सरकार ने इस सेवा का विस्तार करते हुए इसे रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों तक भी पहुंचा दिया है।

महिला कल्याण विभाग की निदेशक डॉ. वंदना वर्मा के अनुसार, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन अब जमीनी स्तर पर एक मजबूत नेटवर्क के रूप में कार्य कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक जिले में हेल्पलाइन यूनिट सक्रिय रूप से संचालित है, जो संकट में फंसे बच्चों तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित करती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही 77 हजार से अधिक बच्चों को इस सेवा के माध्यम से मदद मिली है।

इस हेल्पलाइन सेवा की खासियत इसकी त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली है। किसी भी आपात कॉल के प्राप्त होते ही संबंधित टीम 60 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित निकालती है। इसके बाद उन्हें आवश्यकतानुसार पुलिस सहायता, चिकित्सा सुविधा, अस्थायी आश्रय और कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही, बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाती है, जिसमें बाल कल्याण समिति के माध्यम से उन्हें उनके परिवार से मिलाने की व्यवस्था की जाती है। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर अक्सर भटकने वाले या जोखिम में पड़े बच्चों की पहचान और सहायता के लिए विशेष यूनिट तैनात की गई हैं। राज्य स्तर पर एक कंट्रोल रूम के साथ-साथ सभी जनपदों में हेल्पलाइन यूनिट, 28 रेलवे स्टेशन यूनिट और 11 बस स्टैंड यूनिट सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।

संबंधित समाचार