Moradabad: चारपाई से बच्ची को उठा ले गया तेंदुआ, ग्रामीणों ने छुड़ाया, हालत गंभीर
कांठ, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में तेंदुए के हमले की एक और घटना सामने आई है, जहां 10 वर्षीय बालिका को तेंदुआ घर के आंगन से चारपाई से उठाकर गन्ने के खेत में ले गया। परिजनों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बालिका को तेंदुए के कब्जे से छुड़ाया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना ग्राम मिश्रीपुर की है, जहां मंगलवार की देर शाम दीपिका (10 वर्ष) पुत्री अवनीश कुमार सैनी अपने भाई विशाल के साथ घर के आंगन में चारपाई पर लेटी हुई थी। पास ही गन्ने का खेत होने के कारण शाम करीब 8 बजे तेंदुआ खेत से निकलकर आंगन में आ गया और दीपिका को गर्दन व सिर से पकड़कर खेत की ओर घसीट ले गया। बालिका के भाई द्वारा शोर मचाने पर परिजन और आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और तेंदुए का सामना किया।
लोगों की भीड़ और शोर-शराबे के बीच तेंदुआ बालिका को घायल अवस्था में छोड़कर भाग गया। घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तेंदुए की तलाश में जंगल में कॉम्बिंग की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। डिप्टी वन रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि कांठ से बालिका को मुरादाबाद अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।
