Moradabad: कैन-बोतल में पेट्रोल-डीजल देने वाले पेट्रोल पंप संचालक निशाने पर
मुरादाबाद, अमृत विचार। अमेरिका-इजरायल-ईरान के बीच जारी युद्ध के दौरान रसोई गैस, पेट्रोल डीजल की किल्लत न हो इसके लिए प्रशासन सक्रिय है। प्रशासन के निशाने पर फिलिंग स्टेशनों पर कैन व बोतल में पेट्रोल-डीजल देने वाले पंप संचालक हैं। इन पर सख्ती की जा रही है।
पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने आयल कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी पत्र लिखा है। वहीं जिलाधिकारी के निर्देश पर जिलापूर्ति अधिकारी व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आदि टीम के साथ शहर से लेकर देहात तक पेट्रोल व डीजल पंपों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसमें कहीं भी कैन व बोतल में पेट्रोल-डीजल देने की निगरानी की जा रही है।
जिलापूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने स्वयं पेट्रोल पंप पर पहुंचकर इसकी जांच की। उनके सामने ही कैन में डीजल लेने आए व्यक्ति को वापस लौटाया। फिलिंग सेंटर के कर्मचारियों को चेतावनी दी कि ऐसा कतई न करें। उन्होंने बताया कि अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध के चलते रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल का कृत्रिम संकट उत्पन्न करने वालों पर सख्ती की जाएगी। नियमित मानीटरिंग कर व्यवस्था सुचारू बनाने में लगे हैं।
