यूपी में संचारी रोग अभियान की शुरुआत: उप मुख्यमंत्री की अपील, कहा- सफाई रखें, जमा न होने दें कूलर-गमलों में पानी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ बुधवार से एक माह चलने वाला विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया है। बलरामपुर अस्पताल से उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 10 से 30 अप्रैल तक ‘घर-घर दस्तक अभियान’ भी चलाया जाएगा। जिसमें लोगों को जागरूक कर बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण का प्रयास किया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा किकहा कि कूलर, गमलों की प्लेट, टायर, फ्रिज की ट्रे जैसे स्थानों पर पानी जमा न होने दें और घर व आसपास सफाई रखें, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना खत्म की जा सके। आमजन से अपील की कि इस अभियान को जनआंदोलन बनाएं और अपने घरों व आसपास जल जमाव न होने दें।उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में 7 जिलों से शुरू हुआ अभियान सभी 75 जनपदों में लागू कर दिया गया है। 

व्यापक अभियान में 13 विभाग मिलकर समन्वित रूप से कार्य करेंगे। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नोडल बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों का असर साफ नजर आ रहा है। वर्ष 2017 में जहां दिमागी बुखार के 4724 मामले सामने आए थे, वहीं 2025 में यह घटकर 694 रह गए। इसी तरह जापानी इंसेफेलाइटिस के मामले 693 से घटकर मात्र 63 हो गए हैं। 

डेंगू जांच के लिए प्रदेशभर में 89 अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं भी सक्रिय कर दी गई हैं। उपमुख्यमंत्री ने जागरूकता रैली, प्रचार वाहनों और फॉगिंग मशीनों को रवाना किया। ‘दस्तक अभियान’ में आशा बहुएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अहम भूमिका निभा रही हैं। ये कार्यकर्ता हर साल तीन चरणों में चार करोड़ से अधिक घरों तक पहुंचकर लोगों को रोगों से बचाव, त्वरित उपचार, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक करती हैं। साथ ही गर्भवती महिलाओं की देखभाल, पेयजल शुद्धिकरण और मच्छर नियंत्रण से जुड़े उपायों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा, उत्तर प्रदेश सरकार अमित कुमार घोष, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश सरकार डॉ. पवन कुमार अरुण, विशेष सचिव धीरेंद्र सचान, महानिदेशक, परिवार कल्याण डॉ. एच.डी. अग्रवाल, महानिदेशक, प्रशिक्षण डॉ. रंजना खरे, निदेशक, बलरामपुर चिकित्सालय डॉ. कविता आर्य, अपर निदेशक, स्वास्थ्य, लखनऊ डॉ. जीपी गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ डॉ. एनबी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, बलरामपुर डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : 
मदरसा आधुनिकीकरण योजना : यूपी में 22 हजार शिक्षकों को मिलेगी राहत, योगी सरकार ने जारी किया निर्देश

संबंधित समाचार