Moradabad News: भीषण गर्मी के बीच जले पर नमक छिड़क रहा पॉवर कट, बिजली गुल होने से खूब बहा पसीना
मुरादाबाद, अमृत विचार। भीषण गर्मी के बीच शहर के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दिन में करीब 11 बजे से गुलाबबाड़ी, पीतल नगरी, लालबाग और प्रभात मार्केट क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। घंटों तक बिजली गुल होने से लोगों के पसीने छूट गए और घरों में लगे इनवर्टर की बैटरी भी जवाब दे गई।
व्यापारियों के ग्राहक तक गायब
वहीं गुरहट्टी, ताड़ीखाना और लाइनपार क्षेत्रों में बिजली ट्रिपिंग का सिलसिला जारी रहा। गुरहट्टी के कपड़ा व्यापारी राजू प्रजापति ने बताया कि बार-बार बिजली आने-जाने से परेशानी हो रही है। गर्मी के कारण काम वैसे ही न के बराबर है ऊपर से बिजली आपूर्ति बार-बार आने जाने से दुकान में आने वाले ग्राहक रुक नहीं रहे हैं।
बिजली गुल तो घर से बाहर निकले
ताड़ीखाना पारकर रोड के रहने वाले पिंटू मसी ने बताया कि ऐसी गर्मी में इतने लंबे समय के लिए बिजली गुल होने से घरों में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को बड़ी परेशानी हो रही है। गर्मी और उमस के कारण लोग घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बने शोपीस
प्रभात मार्केट चौराहे पर मोबाइल शोरूम के मालिक रवेंद्र सिंह ने बताया कि लगातार बिजली कटौती और ट्रिपिंग से कारोबार प्रभावित हो रहा है। कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद पड़े हैं, जिससे दुकानदारी का नुकसान तो है ही ग्राहकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।
नहीं उठ रहे अधिकारियों को फोन
उधर, टाउन हॉल विद्युत केंद्र से जुड़े इलाकों में रात भर बिजली ट्रिपिंग होती रही। लाल मस्जिद के रहने वाले मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि शिकायत करने के लिए विद्युत केंद्र और अधिकारियों को लगातार फोन किए गए, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुए। लोगों का कहना है कि जब सुबह संपर्क हुआ तो जवाब में तंज सुनने को मिला कि अगर रात भर फोन उठाएंगे तो सोएंगे कब। यही हाल लालबाग, नबावपुरा, नागफनी के रहने वाले उपभोक्ताओं का भी रहा।
जानिए क्या कह रहे अधिकारी
अधीक्षण अभियंता नगरीय प्रशांत कुमार ने बताया कि रात में टाउनहॉल विद्युत केंद्र पर ओवरलोडिंग से फाल्ट हो गया था। बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे के बाद सुचारु हो सकी। रविवार का अवकाश होने के कारण नगर के कई मोहल्लों में 11 बजे के बाद अचानक लोड बढ़ गया। फाल्ट होने की स्थिति देखकर बिजली सप्लाई बंद की गई।
