सोलर पॉवर बन रहा यूपी : 52 हजार रूफ टॉफ सोलर लगाकर बना भारत में No.1, 1161 मेगावाट के पार 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 3,47,729 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए हैं। इस दौरान राज्य की कुल स्थापित क्षमता 1161.756 मेगावाट तक पहुंच गई, जो प्रदेश में ग्रीन एनर्जी की दिशा में तेज़ प्रगति को दर्शाता है। माहवार आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2025 में 15,836 इंस्टॉलेशन से शुरुआत हुई, जो मई और जून में बढ़कर क्रमशः 18,509 और 18,494 तक पहुंच गए। 

जुलाई में इस रफ्तार में बड़ा उछाल आया, जब 29,850 संयंत्र स्थापित किए गए और क्षमता 100 मेगावाट के पार पहुंच गई। अगस्त और सितंबर में यह गति बनी रही, जबकि अक्टूबर में हल्की गिरावट के बाद नवंबर और दिसंबर में फिर तेजी आई। नवंबर में 30,894 और दिसंबर में 31,164 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए। वर्ष के अंतिम तीन महीनों में सबसे अधिक तेजी देखने को मिली। 

जनवरी 2026 में 33,314, फरवरी में 35,804 और मार्च में रिकॉर्ड 52,729 संयंत्र स्थापित किए गए, जो पूरे वर्ष का उच्चतम आंकड़ा रहा। अकेले मार्च में 173.84 मेगावाट क्षमता जोड़ी गई, जो किसी एक माह में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है।

उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी के निदेशक इंद्रजीत सिंह के अनुसार, अंतिम तिमाही में आई यह तेजी सरकार की प्रभावी नीतियों, सब्सिडी योजनाओं और जमीनी स्तर पर मजबूत क्रियान्वयन का परिणाम है। इससे न केवल ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि हुई है, बल्कि उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ बिजली भी मिल रही है। 

इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में तेजी से उभर रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भी प्रदेश ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। अब तक प्रदेश में कुल 4,48,233 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, जिनसे प्रतिदिन 1524 मेगावाट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि जिस गति से सोलर इंस्टॉलेशन में वृद्धि हो रही है, उससे आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश ऊर्जा आत्मनिर्भरता और स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य को और तेजी से प्राप्त करेगा। 

ये भी पढ़ें :
गौतम अदाणी ने परिवार संग किये रामलला के दर्शन, हनुमान जयंती पर बोले- भावुक क्षण, मन को असीम संतोष

 

संबंधित समाचार