Uttrakhand: 7 अप्रैल को होगा इग्नू का 39वां दीक्षांत समारोह, सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में होगा कार्यक्रम
हल्द्वानी, अमृत विचार। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 39वां दीक्षांत समारोह 7 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित इग्नू मुख्यालय में होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शामिल होंगे।
इसके साथ ही देशभर के 51 क्षेत्रीय केंद्रों पर भी समारोह आयोजित किए जाएंगे। देहरादून स्थित इग्नू क्षेत्रीय केंद्र में कार्यक्रम राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, ननूरखेड़ा (रायपुर रोड) के एमपी हॉल में होगा। क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी के अनुसार इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रो. रमाकांत पांडेय (कुलपति, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार) दीक्षांत भाषण देंगे। समारोह में देहरादून क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत लगभग 3584 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। बताया कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
