Uttrakhand: अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सड़क निर्माण रुकवाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धानाचूली, अमृत विचार। धारी तहसील के वन पंचायत की भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट के नेतृत्व में प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम मनाघेर स्थित सुंदरखाल वन पंचायत क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां अतिक्रमण की पुष्टि हुई।

निरीक्षण में पाया गया कि कुछ बिल्डर्स द्वारा लगभग 10 नाली वन पंचायत भूमि पर अवैध रूप से सड़क निर्माण किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत निर्माण कार्य रोकवाया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। तहसीलदार मनीषा बिष्ट ने बताया कि इस मामले में सुंदरखाल के वन सरपंच को वन पंचायत अधिनियम के तहत निलंबित कर दिया गया है। अवैध सड़क निर्माण को जेसीबी की मदद से बंद कराया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है। 

उपजिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं और राजस्व उपनिरीक्षक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है। उप जिलाधिकारी अंशुल भट्ट ने स्पष्ट किया कि सरकारी और वन पंचायत भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक प्रवीण ह्यांकी, नारायण वर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक निर्मल बोरा और वन दरोगा पूरन मेलकानी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार