कानपुर मेट्रो : नौबस्ता सेक्शन के 'डाउनलाइन' पर थर्ड रेल इंस्टॉलेशन पूरा, जल्द शुरू होगा टेस्ट रन
कानपुर। कानपुर मेट्रो ने आईआईटी से नौबस्ता कॉरिडोर-1 के बचे हुये सेक्शन कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता में बड़ी तकनीकी उपलब्धि हासिल करते हुए 'डाउनलाइन' पर थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा कर लिया है। गुरुवार को इस थर्ड रेल को पहली बार ऊर्जीकृत भी कर दिया गया, जिससे अब इस सेक्शन में बिजली आपूर्ति निरंतर बनी रहेगी। अब 'अप-लाइन' के बाद 'डाउनलाइन' पर भी जल्द ही मेट्रो ट्रेनों का टेस्ट रन शुरू किया जाएगा, जो यात्री सेवा शुरू होने से पहले का अहम चरण होता है।
कानपुर मेट्रो की ट्रेनें 750 वोल्ट डीसी थर्ड रेल प्रणाली से संचालित होती हैं। इसमें पारंपरिक ओवरहेड तार की बजाय ट्रैक के साथ लगी तीसरी रेल से बिजली मिलती है। इस प्रणाली के फायदे हैं कि मेंटेनेंस कम होता है, पतंगबाजी या बाहरी कारणों से सप्लाई बाधित होने की संभावना कम रहती है। मेट्रो प्रशासन के अनुसार, फरवरी में 'अप-लाइन' पर टेस्ट रन शुरू हो चुका है और अब 'डाउनलाइन' पर भी परीक्षण जल्द शुरू किया जाएगा।
इस दौरान मेट्रो ट्रेन को कम गति पर चलाया जाएगा। इसके अलावा ट्रैक, पावर सप्लाई और सिग्नलिंग सिस्टम की जांच की जाएगी। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। जल्द ही सभी स्टेशनों पर फिनिशिंग और सिस्टम इंस्टॉलेशन पूरा कर लिया जाएगा।
