पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस हादसा, कई यात्री घायल: लोनी कटरा क्षेत्र में पलटी बस, दिल्ली से बिहार जा रहे थे सवार
बाराबंकी, अमृत विचार। जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार से जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। यह दुर्घटना लोनी कटरा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के करीब किलोमीटर संख्या 32 के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार की देर रात बस दिल्ली से बिहार के मधुबनी की ओर जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। इसी दौरान अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। इस हादसे में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों में बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी दयानंद पासवान, रूपा देवी, ईशा कुमारी, आरव कुमार, मयंक कुमार, शत्रुघ्न पासवान, निशा चौधरी, अशोक कुमार, गुड़िया देवी, लकी कुमार, रोशन कुमार, संतोष ठाकुर, बिमला देवी और लुखिया देवी सहित अन्य यात्री शामिल हैं।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सामान्य किया जा सका। प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें :
न होगा बिल जमा और न होगा प्रीपेड मीटर रिचार्ज, यूपी में 16 घंटे बंद रहेंगी बिजली सेवाएं
