Royal Enfield Hunter 350: लखनऊ में 'हंटरहुड' इवेंट, रॉयल एनफील्ड की हंटर 350 लांच
लखनऊ। मिड-साइज़ मोटरसाइकिल सेगमेंट में अग्रणी कंपनी रॉयल एनफील्ड ने अपनी लोकप्रिय हंटर 350 के 2026 लाइनअप का विस्तार करते हुए नए कलर और वैरिएंट पेश किए हैं। कंपनी ने टारमैक ब्लैक रंग में नया बेस प्रीमियम वैरिएंट लॉन्च करने के साथ ही टॉप वैरिएंट में मुंबई यलो और मूनशॉट व्हाइट जैसे नए कलर विकल्प शामिल किए हैं। इन मॉडलों को लखनऊ में आयोजित कंपनी के स्ट्रीट कल्चर प्लेटफॉर्म 'हंटरहुड' में प्रदर्शित किया गया।
कंपनी के अनुसार, हंटर 350 को खासतौर पर शहरी सड़कों के लिए डिजाइन किया गया है। यह हल्की, फुर्तीली और स्टाइलिश मोटरसाइकिल नई पीढ़ी के राइडर्स को ध्यान में रखकर विकसित की गई है। नए बेस प्रीमियम वैरिएंट में मिड और टॉप वैरिएंट के कुछ फीचर्स शामिल किए गए हैं, जिससे इसकी उपयोगिता और आकर्षण बढ़ा है।
रॉयल एनफील्ड के चीफ कमर्शियल ऑफिसर यादविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा कि हंटर 350 को युवा राइडर्स से अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और नए वैरिएंट के जरिए कंपनी इस प्लेटफॉर्म को और अधिक सुलभ बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि नए रंग विकल्प मोटरसाइकिल को राइडर्स के व्यक्तित्व और स्टाइल से जोड़ते हैं।
उन्होने बताया कि हंटर 350 के नए वैरिएंट और कलर की बिक्री और टेस्ट राइड आज यानी शनिवार से अधिकृत डीलरशिप और आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो गई है। लखनऊ में आयोजित 'हंटरहुड' इवेंट में म्यूजिक, आर्ट और स्ट्रीट कल्चर का संगम देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
ये भी पढ़ें :
अखिलेश यादव की चुनौती : 2027 में भाजपा को सबसे कठिन चुनाव का करना पड़ेगा सामना
