आईपीएल 2026 : दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियन्स को छह विकेट से रौंदा, समीर रिजवी ने खेली तूफानी पारी
नई दिल्ली। मुकेश कुमार और कप्तान अक्षर पटेल की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद समीर रिजवी (90) की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी से दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को यहां मुंबई इंडियंस को 11 गेंद शेष रहते छह विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
मुंबई इंडियंस को छह विकेट पर 162 रन पर रोकने के बाद दिल्ली ने 18.1 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाकर हासिल कर लिया। पिछले मैच में लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ 47 गेंदों में नाबाद 70 रन की पारी खेलने वाले रिजवी जब क्रीज पर आए, तब दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर सात रन था।
उन्होंने 51 गेंदों में सात चौकों और सात छक्कों की मदद से 90 रन की पारी खेलने के अलावा पाथुम निसांका (44) के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में 66 रन और चौथे विकेट के लिए डेविड मिलर (नाबाद 21) के साथ 39 गेंदों में 78 रन की साझेदारी कर दिल्ली को जीत दिलाई। मुंबई के लिए दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और कोर्बिन बोश ने एक-एक विकेट लिए।
नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या के अस्वस्थ होने के कारण टीम का नेतृत्व कर रहे सूर्यकुमार ने 36 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। उन्होंने रोहित शर्मा (35) के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 और नमन धीर (28) के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन की अहम साझेदारी की।
रोहित ने 26 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया, तो वहीं नमन ने 21 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का जड़ा। दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने तीन ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। उन्हें अक्षर (22 रन पर एक विकेट), लुंगी एनगिडी (34 रन पर एक विकेट), विपराज निगम (24 रन पर एक विकेट) और टी. नटराजन (24 रन पर एक विकेट) का अच्छा साथ मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। केएल राहुल (एक) पहले ओवर में ही दीपक चाहर की लेग स्टंप से बाहर जाती गेंद को ग्लांस करने की कोशिश में विकेटकीपर रिकेल्टन को कैच दे बैठे, तो वहीं अगले ओवर में नीतिश राणा खाता खोले बगैर जसप्रीत बुमराह के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए। चाहर इस बीच अपनी ही गेंद पर निसांका के करारे प्रहार को लपकने में नाकाम रहे और श्रीलंका के इस बल्लेबाज ने जीवनदान का जश्न अगले ओवर में सैंटनर के खिलाफ दो चौकों के साथ मनाया।
वहीं, पिछले मैच में मैच जिताऊ पारी खेलने वाले समीर रिजवी ने शार्दुल ठाकुर के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की। दिल्ली ने पावरप्ले में दो विकेट पर 42 रन बनाए, जबकि आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर टीम का अर्धशतक पूरा हुआ। बोश की गेंद पर नमन ने निसंका का मुश्किल कैच टपका दिया और रिजवी ने अगली गेंद पर शानदार छक्का जड़कर मुंबई के जख्मों पर नमक छिड़का।
उन्होंने अगले ओवर में सैंटनर का स्वागत चौके से किया, लेकिन न्यूजीलैंड के इस अनुभवी गेंदबाज ने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए निसांका की पारी पर विराम लगा दिया। रिजवी ने बोश के खिलाफ लगातार दो चौके जड़े, जिनमें विकेटकीपर के ऊपर से लगाया गया उनका रैंप शॉट दिलकश था। उन्होंने ओवर की आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के जड़कर मुंबई के गेंदबाजों द्वारा कायम दबाव को खत्म किया।
दिल्ली ने पारी के इस 11वें ओवर से 20 रन बटोरे। रिजवी ने मार्कंडेय के खिलाफ कवर क्षेत्र के ऊपर से छक्का लगाकर 31 गेंदों में अपना अर्धशतक और दिल्ली के रनों का शतक पूरा किया। उन्होंने अगली गेंद पर कदमों का इस्तेमाल करते हुए मिडविकेट के ऊपर से गेंद को दर्शकों के पास भेज दिया। पिछले दो ओवर में 34 रन लुटाने के बाद सूर्यकुमार ने गेंद बुमराह को थमाई और इस अनुभवी गेंदबाज ने सिर्फ एक रन खर्च कर कप्तान के फैसले को सही साबित किया। उन्हें हालांकि दूसरे छोर से अन्य गेंदबाजों का अच्छा साथ नहीं मिला।
रिजवी ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए चाहर और ठाकुर के खिलाफ आसानी से छक्के-चौके जड़े, जिससे आखिरी पांच ओवर में टीम को जीत के लिए सिर्फ 25 रन की जरूरत रह गई। अब तक संभलकर खेल रहे मिलर ने बुमराह के खिलाफ दो चौके लगाकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
रिजवी 17वें ओवर में बोश की गेंद पर तिलक वर्मा द्वारा लपके गए। वह शतक से चूक गए, लेकिन टीम की जीत लगभग सुनिश्चित कर आउट हुए। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर रिकेल्टन (नौ) ने मुकेश का स्वागत चौके से किया, जबकि दूसरे ओवर में रोहित के स्ट्राइक पर आते ही मैदान में रोहित-रोहित के नारे गूंजने लगे। भारतीय टीम के इस पूर्व कप्तान ने एनगिडी के खिलाफ शुरुआती तीन गेंदों में चौके लगाकर दर्शकों के जोश को बढ़ा दिया। मुकेश ने ओवर में दो विकेट झटककर दिल्ली को बड़ी सफलता दिलाई।
उन्होंने शानदार लय में चल रहे रिकेल्टन को पवेलियन भेजने के बाद अपनी ही गेंद पर तिलक वर्मा (शून्य) का शानदार कैच लपका। सूर्यकुमार ने पहली गेंद पर ही चौके से खाता खोला, लेकिन दिल्ली के गेंदबाज इसके बाद रनगति पर अंकुश लगाने में सफल रहे। रोहित ने निगम के खिलाफ, तो सूर्यकुमार ने अक्षर के खिलाफ छक्के लगाकर रनगति बढ़ाने की कोशिश की। रोहित एक और करारा प्रहार करने की कोशिश में अक्षर की गेंद पर कवर क्षेत्र में नीतिश राणा द्वारा शानदार तरीके से लपके गए।
अक्षर ने आईपीएल में रोहित के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को मजबूत करते हुए 11 पारियों में उन्हें चौथी बार आउट किया। दूसरे छोर से निगम ने शेरफेन रदरफोर्ड (पांच) को खतरनाक होने से पहले ही पवेलियन की राह दिखा दी। क्रीज पर आए नमन ने नटराजन के खिलाफ चौके से हाथ खोला, तो वहीं सूर्यकुमार के एक रन से 14 ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा हुआ।
सूर्यकुमार और नमन ने कुलदीप के खिलाफ एक-एक छक्का लगाया, जिससे 15वें ओवर में मुंबई ने 17 रन बटोरे। सूर्यकुमार यादव ने एनगिडी के खिलाफ दो रन चुराकर अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा हो गए। मिचेल सैंटनर (नाबाद 18) और नमन ने नटराजन के खिलाफ चौके जड़े, लेकिन टीम रन गति को बढ़ाने के लिए संघर्ष करती रही। बोश (नाबाद 11) ने अंतिम ओवर में मुकेश के खिलाफ आखिरी दो गेंदों पर चौके जड़कर टीम को 160 रन के पार पहुंचाया।
