जाम, हादसे और प्रशासन की अनदेखी! अयोध्या के शुजागंज बाजार में चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

शुजागंज, अयोध्या, अमृत विचार : क्षेत्र के शुजागंज बाजार में इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़क पर बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा और भारी वाहनों की आवाजाही से आए दिन भीषण जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आम जनमानस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ई-रिक्शा चालक मनमाने तरीके से कहीं भी वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम लगना आम बात हो गई है। स्थिति तब और भयावह हो जाती है जब इसी मार्ग से बड़े-बड़े डंपर और मिट्टी लदे भारी वाहन गुजरते हैं। हाल ही में दो गंभीर सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इससे पहले करीब तीन महीने पूर्व भी एक बाइक सवार की एक्सीडेंट में जान चली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की गाड़ियां दिनभर इसी रास्ते से गुजरती हैं, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की कोई ठोस पहल नहीं की जाती। प्रशासन की यह उदासीनता लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। रुदौली एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि अगर जाम ई रिक्शा व अन्य गाड़ियों से लगता है तो विशेष अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।

संबंधित समाचार