दिल्ली से गिरफ्तार 50 हजार का इनामी पशु तस्कर, यूपी एसटीएफ ने दबोचा, 3 साल से चल रहा था फरार
लखनऊ, अमृत विचार: यूपी एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी पशु तस्कर संतोष पासवान को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली से शनिवार देर शाम को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ चंदौली में पशु तस्करी व क्रूरता की रिपोर्ट दर्ज है। वह पिछले तीन वर्ष से फरार चल रहा था। एएसपी एसटीएफ राजकुमार मिश्रा के मुताबिक, संतोष दिल्ली के शालीमार बाग इलाके का रहने वाला है। वह पिछले तीन वर्ष से दिल्ली व हरियाणा इलाके में लगातार ठिकाने बदलकर रह रहा था। शनिवार को संतोष की लोकेशन शालीमार बाग में मिली।
इसके बाद टीम ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया गया। संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात को आरोपी को दिल्ली पश्चिम से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पशुओं को वाहन से बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल भेजा जाता था। एसटीएफ के मुताबिक, 11 मई 2023 को चन्दौली पुलिस ने पशु तस्करी करते हुए आरोपी के दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जबकि संतोष पासवान मौके से फरार हो गया था।
