Azamgarh News : पीएम मोदी की अपील पर डीएम ने छोड़ा सरकारी वाहन, ई-रिक्शा से पहंचे कलेक्ट्रेट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सोमवार को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सरकारी इनोवा वाहन छोड़ ई-रिक्शा से कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक नई पहल की शुरुआत की। जिलाधिकारी की इस सादगीपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल पहल की पूरे जिले में चर्चा रही। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए गए आह्वान के क्रम में आजमगढ़ जिला प्रशासन की ओर से यह पहल की गई। दो बार माउंट एवरेस्ट फतह कर चुके आईएएस अधिकारी रविंद्र कुमार सोमवार को अपने आवास से ई-रिक्शा पर सवार होकर गनर और सहयोगियों के साथ जनसुनवाई के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे। 

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी के उपयोग के लिए ई-रिक्शा को शासन के निर्धारित वित्तीय नियमों के तहत नियमानुसार किराये पर लिया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि इस पहल से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचने पर मौजूद कर्मचारी और आमजन जिलाधिकारी को ई-रिक्शा से उतरते देखकर आश्चर्यचकित रह गए। 

इस दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का विजन देश और प्रदेश को प्रदूषण मुक्त तथा आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती खपत और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को कम करने की दिशा में यह जिला प्रशासन का एक छोटा प्रयास है। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि प्रशासनिक अधिकारी स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करें तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। 

उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक परिवहन और वैकल्पिक साधनों के उपयोग से ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है। रविंद्र कुमार की इस पहल को प्रशासनिक सादगी और वीआईपी संस्कृति से अलग एक नए संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि यह पहल आगे कितने समय तक जारी रहती है और अन्य अधिकारी भी इसे अपनाते हैं या नहीं। 

संबंधित समाचार