लखीमपुर खीरी : कोर्ट परिसर में वकील ने चचेरे भाई को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

मेड़ विवाद को लेकर पहले हाथापाई फिर पेट में मारी गोली

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। लखीमपुर कोर्ट परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई। जब आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। एक वकील ने अपने ही चचेरे भाई को गोली मार दी। सीने में गोली लगने से अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।डीएम-एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली। जिला अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,  कचहरी परिसर में रोज की तरह वकील अपने-अपने तख्त पर बैठकर काम कर रहे थे। इसी दौरान वकील विराट राज और उनके चचेरे भाई जितेंद्र राज के बीच खेत की मेड़ को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच जमकर हाथापाई होने लगी। जमकर लात-घूसे और कुर्सियां चली। आसपास मौजूद अन्य वकीलों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन यह शांति ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। कुछ ही मिनटों बाद दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विराट राज ने तमंचा निकालकर जितेंद्र राज पर फायर कर दिया। गोली सीधे उसके पेट में जा घुसी। गोली लगते ही जितेंद्र तख्त पर ही गिर पड़े, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद अधिवक्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को जिला अस्पताल ले गई, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर किया है। सूचना पाकर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, एएसपी पूर्वी पवन गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और घायल के पिता से पूछताछ की। इसके बाद डीएम और सीडीओ अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घायल से जानकारी ली। घटना के बाद आरोपी अधिवक्ता मौके से फरार हो गया।बताया जा रहा है कि दोनों अधिवक्ता एक-दूसरे के पास ही बैठकर प्रैक्टिस करते थे और लंबे समय से उनके बीच जमीन की मेड़ को लेकर विवाद चला आ रहा था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्राथमिक जांच में अवैध तमंचे से गोली चलाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।  वहीं दिनदहाड़े कचहरी परिसर में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है और उन्होंने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

संबंधित समाचार