UP: गिद्धों की लाशों से पट गया खेत, जहरीला मांस खाने से 25 की मौत
भीरा, अमृत विचार। थाना भीरा क्षेत्र के गांव सिमरिया के पास एक खेत में कुत्ते की लाश खाने पहुंचे गिद्धों का झुंड कुछ ही मिनटों में मौत के आगोश में समा गया। इस घटना में 25 गिद्धों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच गिद्धों को गंभीर हालत में बचाकर उनका उपचार किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार दोपहर खेत में पड़ी कुत्ते की लाश पर अचानक गिद्धों का झुंड उतर आया। जैसे ही उन्होंने मांस खाना शुरू किया, कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी। गिद्ध तड़पते हुए एक-एक कर जमीन पर गिरने लगे। देखते ही देखते पूरा खेत मृत और बेहोश गिद्धों से भर गया, जिसे देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही भीरा रेंज के रेंजर सतीश चंद्र वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
टीम ने सभी गिद्धों को एकत्र कर उनकी स्थिति का निरीक्षण किया, जिसमें 25 गिद्ध मृत पाए गए, जबकि पांच गिद्धों की हालत अत्यधिक गंभीर थी। इन पांचों गिद्धों को रेंज कार्यालय ले जाया गया, जहां पशु चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया।रेंडर ने बताया कि समय से इलाज मिलने से सभी पांचों की जान बचा ली गई है। वन विभाग की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कुत्ते को किसी अज्ञात व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खिलाया था, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में उसकी लाश को खेत में फेंक दिया गया।
उसी जहरीले मांस को खाने के कारण गिद्धों की सामूहिक मौत हो गई। वन विभाग ने मृत गिद्धों के नमूने सुरक्षित कर लिए हैं और पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है। अधिकारियों ने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है और साफ कहा है कि दोषियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।गिद्ध पर्यावरण के महत्वपूर्ण सफाईकर्मी होते हैं, जो मृत पशुओं को खाकर बीमारियों के फैलाव को रोकते हैं। ऐसे में उनकी इस तरह सामूहिक मौत पर्यावरण संतुलन के लिए गंभीर खतरा मानी जा रही है।
