सभी गौशालाओं में स्थापित हो भूसा बैंक, मुकेश मेश्राम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश मेश्राम ने कानपुर मंडल में गौ संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर सभी जिलो में गौशालाओं के लिए 'भूसा बैंक' स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त शिविर कार्यालय में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि गौआश्रय स्थलों पर संरक्षित गोवंश के लिए वर्ष भर भूसे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

प्रत्येक गौशाला में प्रति पशु प्रतिदिन चार किलोग्राम भूसे के मानक के अनुसार वार्षिक आवश्यकता का आकलन कर समय से भंडारण किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गौशालाओं में भूसा, हरा चारा, चोकर एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण और टैगिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। खाली पड़े अस्थायी गौआश्रय स्थलों का उपयोग भूसा भंडारण के लिए करने और स्थानीय किसानों से समन्वय स्थापित कर चारे की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

अपर मुख्य सचिव ने स्वदेशी नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि साहीवाल और गिर नस्ल के सेक्स सॉर्टेड सीमेन के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान कराया जाए, जिससे उन्नत नस्ल की संतति प्राप्त हो सके। उन्होंने गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए गोबर से जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट और गोबर गैस जैसे उत्पाद तैयार करने पर भी बल दिया।

 बैठक में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन सहित सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इससे पूर्व अपर मुख्य सचिव ने चौबेपुर और कल्याणपुर विकासखंड के गौआश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुधार के निर्देश दिए। 

संबंधित समाचार