लखनऊ पुलिस ने लोकभवन के सामने महिला के आत्मदाह के प्रयास को किया नाकाम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली थानाक्षेत्र में मंगलवार को लोक भवन के गेट नंबर तीन के पास पुलिस ने एक महिला के आत्मदाह प्रयास को नाकाम कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान संध्या सिंह (50) के रूप में हुई, जो लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में रहती है। यहां जारी एक बयान में पुलिस ने बताया कि महिला ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया और आत्मदाह करने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे बचा लिया।
पुलिस के अनुसार संध्या सिंह को सुरक्षित हजरतगंज थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान संध्या सिंह ने आरोप लगाया कि उसका मानकनगर थानाक्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद है, जिसके सीमांकन के संबंध में उसने राजस्व विभाग में कई शिकायतें दर्ज कराई हैं। पुलिस के मुताबिक संध्या सिंह का कहना है कि राजस्व विभाग ने 16 फरवरी को पुलिस की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश की थी लेकिन वह इससे संतुष्ट नहीं है।
पुलिस के अनुसार महिला ने आरोप लगाया कि उसकी जमीन पर इकबाल नामक एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है, जिसके खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है। पुलिस के मुताबिक उसने यह भी बताया कि उसने इससे पहले 27 फरवरी को भी लोकभवन में आत्मदाह का प्रयास किया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे बचाने के लिए तुरंत कार्रवाई की थी और उसे मानकनगर थाने के हवाले कर दिया था।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में मानकनगर थाने ने राजस्व विभाग के साथ पत्राचार करके कानूनी समाधान की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है। पुलिस ने बयान में कहा कि पुलिस फिलहाल महिला को उचित परामर्श दे रही है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर इस मामले के त्वरित कानूनी समाधान को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
