वेटिंग लिस्ट की टेंशन खत्म, मिलेगा कन्फर्म टिकट, प्रयागराज से दिल्ली के बीच चलेगी 'क्लोन स्पेशल' ट्रेन; इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए 'मांग-आधारित क्लोन स्पेशल' ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह फैसला दिल्ली रूट की ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए लिया गया है। प्रयागराज एक्सप्रेस, हमसफर और रीवा एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में अक्सर वेटिंग लिस्ट 100-200 के पार पहुंच जाती है। 

इस समस्या को हल करने के लिए, रेलवे प्रशासन ने तय किया है कि जैसे ही इन ट्रेनों में नो रूम की स्थिति आएगी, तुरंत क्लोन स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस पहल से यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और तत्काल टिकट या दलालों पर निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी। इस क्लोन ट्रेन की एक प्रमुख विशेषता है। यह ट्रेन नयी दिल्ली के बजाय दादरी रेलवे स्टेशन तक संचालित की जाएगी। 

इसका उद्देश्य नोएडा और ग्रेटर नोएडा जाने वाले यात्रियों को सीधे सम्पर्क प्रदान करना है।इससे यात्रियों को आनंद विहार या नयी दिल्ली उतरकर ट्रैफिक जाम में फंसने से मुक्ति मिलेगी। वे दादरी से अपने गंतव्य तक कम समय में पहुंच सकेंगे। साथ ही, नयी दिल्ली स्टेशन पर ट्रेनों के अत्यधिक दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी। यह क्लोन ट्रेन प्रयागराज एक्सप्रेस के समान ही संचालित होगी। 

यह प्रयागराज से चलकर कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी और दादरी पहुंचेगी। इस व्यवस्था से प्रयागराज के साथ-साथ इन आसपास के जिलों के यात्रियों को भी कंफर्म सीट मिलने में सुविधा होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली रूट पर यात्रियों का दबाव पूरे साल बना रहता है।

भीड़ की स्थिति का आकलन करने के बाद ही क्लोन स्पेशल ट्रेन चलाने का यह निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन के संचालन से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इसका समय और विस्तृत शेड्यूल जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा। 

 ये भी पढ़ें :
वाराणसी नगर आयुक्त का ऐलान, गंदगी फैलाने वालों की फोटो भेजने पर 500 नकद का इनाम 

 

संबंधित समाचार