शेयर बाजार में भारी गिरावट : पश्चिम एशिया में युद्धविराम उल्लंघन से निवेशकों में डर का माहौल, जानिए सेंसेक्स-निफ्टी का हाल
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में पिछले सत्र की शानदार तेजी के बाद बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई। पश्चिम एशिया में नए सिरे से तनाव बढ़ने और संभावित युद्धविराम उल्लंघन की आशंकाओं के बीच निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई है। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 243.57 अंक टूटकर 77,319.33 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 88.3 अंक फिसलकर 23,909.05 अंक पर रहा।
हालांकि बाद में इनमें और गिरावट आई। बीएसई सेंसेक्स 728.93 अंक फिसलकर 76,833.97 अंक पर और निफ्टी 189.55 अंक टूटकर 23,821.45 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, अदाणी पोर्ट्स, इंटरग्लोब एविएशन, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील और पावर ग्रिड के शेयर में तेजी रही।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग पिछले कारोबार में तेज उछाल के बाद गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार बुधवार को काफी तेजी के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.73 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,811.97 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4,168.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स में बुधवार को 2,946.32 अंक या 3.95 प्रतिशत जबकि निफ्टी में 873.70 अंक या 3.78 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी।
