Moradabad: मौसम के रंग से सभी दंग, कुछ हिस्सों में तेज बारिश, अधिकांश सूखे
मुरादाबाद, अमृत विचार। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम का रंग हर दिन बदल रहा है। मंगलवार को आई तेज आंधी व बारिश में जहां मानसरोवर सहित कई अन्य मोहल्ले में कई पेड़ और उसकी टहनियां टूटकर कार और ई रिक्शा पर गई, जिससे अफरा-तफरी मची। वहीं बुधवार को शहर में ही इसके कई रंग दिखे। सुबह से बादल व हल्की बूंदाबांदी के बाद फिर कुछ हिस्सों में दोपहर तक बारिश हुई तो शहर के अधिकांश हिस्से सूखे रहे। वहां चटख धूप के साथ धूल उड़ रही थी। बारिश ने फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम असंतुलित हो रहा है। कभी दो दिन तेज धूप तो फिर दो दिन हल्की बारिश। मंगलवार की शाम तेज आंधी और बारिश से जहां मानसरोवर कॉलोनी क्षेत्र में कार व ई-रिक्शा पर पेड़ व उसकी टहनियां टूट कर गिरने से अफरा तफरी मच गई थी। वहीं, बुधवार को इसका अलग रंग दिखा। कांठ रोड व आशियाना क्षेत्र में सुबह से घना बादल छाया था। सुबह नौ बजे के बाद बूंदाबांदी शुरू हुई और फिर दोपहर तक तेज बारिश हुई, जिससे इन क्षेत्रों में लोग बारिश में भीगकर अपने कार्यस्थल पर आए गए और स्कूल से लौटने पर बच्चे भी भीगे। आशियाना फेज एक और दो में बारिश के चलते नाला उफान पर होने से पानी सड़कों पर बहा। वहीं सड़क के गड्ढों में अभी भी पानी भरा है। इसमें हिचकोले खाते हुए वाहन गुजर रहे हैं। वहीं कांठ रोड, आशियाना, रामगंगा विहार में बारिश से लोग परेशान हुए, जबकि खुशहालपुर, बुद्धि विहार, दिल्ली रोड क्षेत्रों में एक बूंद भी पानी नहीं बरसा। यहां सड़कें सूखी थीं और तेज हवा से धूल उड़ रही थी। बारिश वाले क्षेत्रों से भीगकर दूसरी जगहों पर पहुंचने पर वहां के लोग हैरत से देख रहे थे। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के चलते 10 अप्रैल तक उतार-चढ़ाव का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि बारिश से फसलों को हुई नुकसान का आकलन मुख्यमंत्री के निर्देश पर कराया जा रहा है।
बारिश से लुढ़का तापमान
दो दिन की बारिश के चलते बुधवार को तापमान भी लुढ़का। अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को इसमें एक-एक डिग्री बढ़ने का अनुमान जताया गया है। जबकि अगले कुछ दिन अब चटख धूप भी निकल सकती है।
24 घंटे में हुई जिले में 44 मिलीमीटर बारिश
मंगलवार से बुधवार सुबह तक 24 घंटे में जिले के सभी तहसीलों को मिलाकर 44 मिलीमीटर बारिश हुई। इसमें सर्वाधिक 16.5 मिलीमीटर सदर तहसील क्षेत्र में बारिश रिकॉर्ड किया गया।
यह है तहसीलवार बारिश की स्थिति
तहसील बारिश (मिलीमीटर में)
सदर 16.5
बिलारी 8.0
कांठ 7.5
ठाकुरद्वारा 12.0
कुल वर्षा 44.0 मिलीमीटर
औसत बारिश 11.0 मिलीमीटर
पेज दो की लीड के साथ ::: बारिश और तेज हवा से गिर गईं बालियां
किसानों के माथे पर फसल नुकसान की चिंता
पिछले सप्ताह के बाद अब इस हफ्ते भी हो रही बारिश व आंधी से गेहूं की फसल बुरी तरह प्रभावित हो गई है। खेतों में खड़ी फसल गिर गई है तो कई जगह काट कर रखे गए गेहूं की गांठें पानी से भीग गई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि मुख्यमंत्री के निर्देश पर फसलों के नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
मौसम की मार से अन्नदाता भी प्रभावित हैं। मौसम बदलने पर तेज आंधी और बारिश से गेहूं की फसल पर विपरीत असर पड़ रहा है। अधिकांश किसानों की गेहूं की फसल खेत में खड़ी है या फिर कटाई कर उसकी गांठें बांधकर खेतों में सुखाने के लिए रखी गई थी। सूखने की कौन कहे बारिश ने उसे बुरी तरह भिगो दिया। ऐसे में इस उपज की कीमत न तो सरकारी क्रय केंद्रों पर उचित मिलेगी और न ही खुले बाजार में व्यापारी मंहगा रेट लगाएंगे। इससे किसानों को नुकसान होना तय है। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आंधी बारिश से फसलों के नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
