Bareilly: नई औद्योगिक टाउनशिप को 50 फीसदी सीड कैपिटल की मंजूरी
बरेली, अमृत विचार। बरेली के औद्योगिक परिदृश्य को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की प्रस्तावित नई औद्योगिक टाउनशिप को हरी झंडी दे दी गई। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया। परियोजना के लिए भूमि क्रय करने पर कुल धनराशि का 50 प्रतिशत हिस्सा शासन की ओर से सीड कैपिटल के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा।
यह नई औद्योगिक टाउनशिप दिल्ली हाईवे से सटे क्षेत्रों में विकसित होनी है। इसके लिए तहसील सदर के ग्राम रसूला चौधरी और तहसील मीरगंज के ग्राम भिटौरा नौगंवा उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली व रहपुरा जागीर की कुल 126.3043 हेक्टेयर भूमि को चिह्नित किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि जमीन का अधिग्रहण भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा, जिसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली क्रय निर्धारण समिति पहले ही मुहर लगा चुकी है। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए मनिकन्डन ने कहा कि दिल्ली हाईवे पर इस टाउनशिप के विकसित होने से न केवल बड़े निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। यह परियोजना बरेली को एक प्रमुख इंडस्ट्रियल हब के रूप में स्थापित करेगी, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।
