लखनऊ के अलीगंज में दर्दनाक हादसा, मंदिर की दीवार गिरने से शिशु की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज इलाके में बृहस्पतिवार को एक मंदिर की दीवार गिरने की घटना में घायल हुए छह महीने के शिशु की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना सुबह करीब 11 बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के डंडिया स्थित पुराने हनुमान मंदिर की है, जहां मंदिर की एक पुरानी दीवार अचानक ढह गई। 

पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों ने दीवार के किनारे अस्थायी झोपड़ियां बना ली थीं और वहां रह रहे थे। मूल रूप से सीतापुर के मिश्रिख के रहने वाले और वर्तमान में मंदिर के पास रहने वाले ऑटोरिक्शा चालक गजोधर का बेटा, दीवार गिरने से मलबे में दब गया था। 

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया। बच्चे को मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां के डॉक्टरों ने शिशु को उन्नत इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) रेफर कर दिया। 

अधिकारियों ने बताया कि केजीएमयू में इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। उनके अनुसार, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर पुलिस कर्मी तैनात हैं और आगे की जांच तथा आवश्यक कानूनी कार्यवाही चल रही है। 

संबंधित समाचार