मैनपुरी : आपत्तिजनक स्थिति में देख भड़का भाई, तो बहन ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध संबंधों में बाधा बनने पर सगे भाई की हत्या कराने के आरोप में बहन और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त असलहा, बाइक और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साह ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने महज आठ घंटे में हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतक करन मिश्रा, निवासी ग्राम करथिया (फर्रुखाबाद), अपनी बहन पूजा दुबे को उसकी ससुराल कुसमरा छोड़ने आया था। आरोप है कि सात अप्रैल की रात पूजा का प्रेमी जीतू सिसोदिया उससे मिलने पहुंचा। दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख करन ने विरोध किया, जिस पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान जीतू ने करन की पीठ में गोली मार दी। 

घटना के बाद आरोपी शव को धरमंगदपुर मोड़ के पास झाड़ियों में फेंक आए। वहां करन के जीवित होने का आभास होने पर भेद खुलने के डर से उसके सिर में दूसरी गोली मार दी गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए पूजा दुबे ने स्वयं थाने जाकर भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। 

हालांकि जांच के दौरान घर में मौजूद बच्चे रितिक के बयान से मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238, 3(5), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। 

संबंधित समाचार