आग से सावधान रहें किसान: बारिश के बीच कृषि विभाग की एडवाइजरी जारी, भीगे दानों को सुखाने के बाद ही करें भंडारण

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में बेमौसम बारिश और कुछ जिलों में आगजनी की घटनाओं के बीच कृषि विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने खेत-खलिहानों में फसल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

कृषि विभाग ने निर्देश दिया है कि खलिहानों में सिगरेट, बीड़ी या अन्य ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग न करें, क्योंकि इससे आग लगने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। विभाग ने जनपदों में तैनात कृषि अधिकारियों को भी किसानों से लगातार संपर्क में रहकर उन्हें जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि कटाई और मड़ाई के दौरान विशेष सतर्कता जरूरी है।

किसानों को सलाह दी गई है कि यदि खड़ी फसल भीग गई है तो उसे एक-दो दिन सूखने दें। कटाई के बाद खेत में पड़ी फसल में पानी न ठहरने दें और बोझ बांधकर खड़ा करें। खलिहान में भीगी फसल को खोलकर धूप और हवा लगने दें, ताकि वह जल्दी सूख सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि अनाज के दाने भीग गए हैं तो उन्हें तभी भंडारित करें, जब उनमें नमी 10 प्रतिशत तक रह जाए। 

साथ ही भंडारण से पहले गोदाम, बखारी, बोरे और दीवारों का धूम्रीकरण (फ्यूमिगेशन) कर लेना चाहिए, ताकि अनाज सुरक्षित और कीटमुक्त रह सके। कृषि विभाग का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी और सही प्रबंधन से बारिश और आगजनी से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ : स्वस्थ समाज से ही बनेगा सशक्त भारत, दिल की बीमारी को महामारी में बदलने से रोकें-सीएम योगी 

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज