प्रतापगढ़ में पुलिस मुठभेड़ : दो इनामी शातिर बदमाश गिरफ्तार, कब्जे से अवैध तमंचा-कारतूस बरामद
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अंतू थाना क्षेत्र के बैजलपुर पुल के पास पुलिस मुठभेड़ में हत्या के मामले में वांछित 25-25 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बैजलपुर पुल के पास आरोपियों से सामना हुआ। आरोप है कि अभियुक्त विवेक पांडेय उर्फ ऋषिक पांडेय ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विवेक पांडेय उर्फ ऋषिक पांडेय निवासी ग्राम दसियापुर के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने उसके साथ सह अभियुक्त विपिन तिवारी निवासी रायबीर जानीपुर, थाना अंतू को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार विवेक पांडेय के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा .32 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि चार अप्रैल 2026 को पंकज कुमार शुक्ला निवासी ग्राम डुहिया मामदापुर, थाना अंतू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे तथा उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार विवेक पांडेय का आपराधिक इतिहास भी है और उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं।
