हर सैनिक की सांस में बसता है भारत : सीएम योगी ने वीर परिवारों के अनदेखे त्याग को बताया राष्ट्र का असली सम्मान
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि हर सैनिक की सांस में भारत बसता है और उसका जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित होता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल सैनिकों का नहीं, बल्कि उन वीर माताओं और परिवारों का भी है, जिनके त्याग और संघर्ष अक्सर मंच तक नहीं पहुंच पाते। उन्होंने कहा कि सीमा पर सैनिक लड़ता है, लेकिन उसका परिवार भी हर दिन चुनौतियों से जूझता है।
मुख्यमंत्री योगी शनिवार को स्मृतिका वॉर मेमोरियल, सूर्या ऑडिटोरियम में एक मीडिया समूह के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। योगी ने कहा कि सियाचिन की बर्फीली ठंड हो या रेगिस्तान की तपती गर्मी, घने जंगल हों या समुद्र और आकाश की चुनौतियां, सैनिक हर परिस्थिति में अडिग रहकर देश की सुरक्षा करता है। इसी कारण 145 करोड़ देशवासी निश्चिंत होकर जीवन जी पाते हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस विषय पर किसी प्रकार की राजनीति या बहस नहीं होनी चाहिए। सैनिकों और वीर नारियों के प्रति सम्मान का भाव हर नागरिक के मन में होना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए कहा कि लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जबकि झांसी और चित्रकूट जैसे नोड भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। इससे न केवल देश की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि प्रदेश में रोजगार और तकनीकी विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। सीएम योगी ने कहा कि युद्ध स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र होगा, जहां से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना और प्रबल होगी। उन्होंने इसे देश के प्रति कर्तव्य और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने वाला आयोजन बताया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सेंट्रल कमांड के कमांडर लेफ्टिनेट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
