प्रयागराज : कमला नेहरू अस्पताल में जून से शुरू होगी एआई कैथ लैब, हृदय रोगियों को मिलेगा लाभ
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित कमला नेहरू अस्पताल में जून से हृदय रोगियों को अत्याधुनिक एआई कैथ लैब की सुविधा मिलने जा रही है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह कैथ लैब हाई डेफिनिशन थ्री-डी इमेजिंग तकनीक से लैस होगी, जिससे हृदय संबंधी समस्याओं, विशेषकर ब्लॉकेज, की सटीक पहचान की जा सकेगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित यह प्रणाली मैन्युअल त्रुटियों को कम करेगी तथा विकिरण जोखिम भी घटाएगी। यह देश की तीसरी और उत्तर प्रदेश की पहली एआई कैथ लैब बताई जा रही है। अस्पताल परिसर में कैथ लैब के लिए अलग रिकवरी रूम तैयार किया जा रहा है।
यहां मरीजों को अल्ट्रासाउंड, एमआरआई, सीटी स्कैन और एक्सरे जैसी रेडियोलॉजी जांचें एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को विभिन्न विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार कैथ लैब में गैन्ट्री की सुगम गति से ऑपरेशन के दौरान अधिक लचीलापन मिलेगा।
पीसीआई असिस्ट जैसी उन्नत सुविधाओं से इमेज गुणवत्ता बेहतर होगी, जिससे स्टेंट प्रत्यारोपण अधिक सटीक ढंग से किया जा सकेगा। स्मार्ट सॉफ्टवेयर प्रक्रिया के दौरान असमानताओं का पता लगाकर उपचार को और सुरक्षित बनाएगा।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मशीन पहले मई में समुद्री मार्ग से जर्मनी से आने वाली थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण यह 29 मार्च को हवाई मार्ग से अस्पताल पहुंच गई। मशीन की स्थापना पूरी हो चुकी है और रिकवरी रूम तैयार होते ही इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। कमला नेहरू मेमोरियल अस्पताल के निदेशक डॉ. हरिओम सिंह ने कहा कि एआई कैथ लैब शुरू होने से हृदय रोगियों के उपचार की गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा और मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।
