Rampur: एसपी आवास के पास लूटी थी चेन...मुठभेड़ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। 31 मार्च की रात करीब साढ़े 8 बजे एसपी आवास के पास एक्टिवा सवार युवती के गले से सोने की चेन लूटने वाले आरोपी को रामपुर पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लुटेरा संभल जिले का रहने वाला गुलफाम है। जिसपर कईं थानों में 20 से ज्यादा लूट सहित कई मामले दर्ज हैं।

एक सप्ताह पहले 31 मार्च को बदरिया खान सामा निवासी मानसी अपनी मां अनीता शरण और बहन पूनम शरण के साथ एक्टिवा से बाजार में शॉपिंग को आई थी। परिवार में ताऊ के बेटे की 4 अप्रैल को शादी थी, इसके चलते वो खरीदारी करनी थी। रात को वापिस लौटते समय एक बाइक सवार ने मानसी के गले से चेन खींच ली। बड़ी बहन पूनम शरण एक्टिवा चला रही थी, जबकि मां बीच में और मानसी सबसे पीछे बैठी थी। तभी तीनों कुछ समझ पाते, हेलमेट लगाए बाइक सवार चेन छीनकर फरार हो गया। 

सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरे की पहचान में लगे थे। पुलिस का कहना है कि बाहर के चेन स्नेचर शहर का माहौल खराब कर रहे हैं। मामले में पुलिस ने सोमवार रात करीब 10 बजे आरोपी गुलफाम को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी के पैर में पुलिस की गोली लगी है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। सीओ सीटी जितेंद्र कुमार सहित सिविल लाइंस पुलिस मौके पर मौजूद रहे। जबकि पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की।

संबंधित समाचार